जंगलों में आग से 53 लोगों की मौत,हजार से ज्यादा बिल्डिंग्स जलीं

होनोलुलु: अमेरिका के हवाई स्टेट के जंगलों में लगी आग की वजह से अब तक 53 लोगों की मौत हो गई। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ये हवाई में अब तक की सबसे बड़ी आपदा है। इस आग में करीब एक हजार बिल्डिंग्स जल चुकी हैं। वहीं स्टेट में कई लोग बेघर चुके हैं। इस आग में अमेरिका का सबसे बड़ा और 150 साल पुराना बरगद का पेड़ भी जल गया।

मंगलवार को हवाई के पश्चिमी तट पर माउई आइलैंड में यह आग तेज हवा की वजह से फैल गई। आग इतनी तेज फैली कि कई लोग इसकी चपेट में आ गए। कुछ लोगों को अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगानी पड़ी। माउई से अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। अभी 1400 लोग बाहर निकलने की कोशिश में एयरपोर्ट पर इंतजार में है। इनमें से ज्यादातर टूरिस्ट हैं।

हवाई के गवर्नर जॉश ग्रीन ने बताया- लहायना शहर में मची तबाही के बाद इसे फिर से खड़ा करने में कई साल और अरबों रुपए लग जाएंगे। गवर्नर के मुताबिक, 1961 में एक समुद्री लहर में 61 लोगों की मौत के बाद यह सबसे बड़ी दुर्घटना है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को इसे आपदा घोषित कर राहत कार्यों के लिए फंड जारी किया।

अमेरिकी कोस्ट गार्ड कमांडर एजा किरक्सके ने CNN को बताया कि अपनी जान बचाने की कोशिश में 100 से ज्यादा लोगों के समुद्र में कूदने की आशंका है। किरक्सके ने कहा- आग से उठने वाले धुएं के कारण हेलिकॉप्टर पायलेट्स को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद एक कोस्ट गार्ड वेसल ने 50 से ज्यादा लोगों को रेस्कयू किया है।

मई में कनाडा के जंगलों में अब तक की सबसे भयानक आग लगी थी। यहां करीब सभी 10 प्रांतों और शहरों में इसका असर देखा गया था। इसमें करीब 33 हजार स्क्वायर किमी का क्षेत्र जल गया था। ये पिछले 10 साल के औसत से 13 गुना ज्यादा और बेल्जियम के कुल क्षेत्रफल से भी बड़ा है। इसकी वजह से 1 लाख 20 हजार से ज्यादा लोगों को घर छोड़ना पड़ा था।

कनाडा में जंगल की आग को बाढ़ के बाद सबसे बड़ी आपदा माना जाता है। जंगल की आग से हर साल 4 मिलियन स्कवायर किलोमीटर का इलाका जल जाता है। आग जलने के लिए हीट, ईंधन और ऑक्सीजन जरूरी होते हैं। जंगल में ऑक्सीजन हवा में ही मौजूद होती है। पेड़ों की सूखी टहनियां और पत्ते ईंधन का काम करते हैं। वहीं एक छोटी सी चिंगारी हीट का काम कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *