महिला को डंडी कंडी से पहुंचाया अस्पताल

चमोली: दशोली ब्लाॅक की निजमुला घाटी के मौली हडूंगा गांव की महिला पेड़ से गिरने के कारण चोटिल हो गई. सड़क के अभाव में महिला डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंची.मिली जानकारी के अनुसार हडूंगा गांव की गुड्डी देवी रोजाना की तरह चारापत्ति लेने जंगल गई थी. इस दौरान पेड़ से फिसल कर वह चोटिल हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. जख्मी महिला को डंडी-कंडी के सहारे सड़क तक लाया गया. इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भर्ती कर दिया गया.

बताया जा रहा है कि अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है. बताते चलें कि मोली हडूंगा गांव अभी भी सड़क मार्ग से काफी दूर है. आए दिन बीमार और गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए डंडी-कंडी के सहारे ही अस्पताल लाना पड़ता है. हालांकि ग्रामीण लगातार गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे हैं किंतु अभी तक भी हालात जस के तस बने हुए हैं. लोगों को जरूरत की चीजों के लिए भी बाजार आने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है. प्रधान भगत फरस्वाण का कहना है कि गांव में सड़क समेत बुनियादी सुविधाओं को टोटा बना हुआ है.

इसके बावजूद कोई भी सुध लेवा नहीं है. मौजूदा दौर में भी ग्रामीणों को आठ किमी का पैदल सफर तय करना पड़ रहा है. उन्होंने आम लोगों की कठिनाइयों को देखते हुए सड़क मार्ग निर्माण की मांग की है. यह घटना न सिर्फ सिस्टम की विफलता को उजागर करती है, बल्कि विकास के दावों पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे कई बार जान का खतरा तक बन जाता है. वहीं ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौली हडूंगा गांव को सड़क मार्ग से जोड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गंभीर परिस्थितियों का सामना न करना पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *