देहरादून :उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने 28 अप्रैल को नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना जताई है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा 29 अप्रैल को नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 28 से 30 अप्रैल तक अन्य जिलों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश और झोंकेदार हवा चलने की संभावना के दृष्टिगत यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने नैनीताल, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को पत्र भेज सावधानियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित सभी अधिकारी व विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे।

