पीपलकोटी टनल हादसा, 9 लोगों की मौत की डीएम ने की पुष्टि

पीपलकोटी:उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित पीपलकोटी में टीएचडीसी (टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड) की टनल में बीती शाम धंसाव के साथ पानी का रिसाव हो गया. टनल में पानी का रिसाव और भूस्खलन से कई कर्मचारी फंस गए. जिनकों निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. जिन लोगों को टनल से रेस्क्यू किया गया है, उन्हें विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में एडमिट किया गया है. वहीं, हादसे में हताहतों का आंकड़ा बढ़ सकता है. उत्तराखंड पीपलकोटी टनल हादसे के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने हादसे पर दुख जताया है. साथ ही लखपत बुटोला ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. उन्होंने टनल हादसे पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं.

बेहद खराब मौसम के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीपलकोटी पहुंचे. प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी बेहद मुश्किल परिस्थितियों में हो सकी. मुख्यमंत्री टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री मौके पर मौजूद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जिसके बाद मुख्यमंत्री रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जानेंगे. पीपलकोटी टनल हादसा के बाद मुख्यमंत्री धामी भी मौके पर पहुंच सकते हैं. सीएम धामी मौके पर राहत बचाव कार्य का जायजा ले सकते हैं. साथ ही सीएम धामी गोपेश्वर में घायलों से भी मुलाकात करेंगे.

टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी, जिनमें से रातभर चले राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 19 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है. वहीं शेष 3 लोगों की तलाश एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है. घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं. घटना में अभी तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है.

पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से रातभर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा.जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं. टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है. टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा एवं पानी आने की स्थिति उत्पन्न हुई है. इसके चलते टनल में कार्यरत कुछ लोग अंदर फंस गए.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी टनल हादसे के बाद आपदा परिचालन केंद्र देहरादून रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली. साथ ही सीएम धामी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना. वहीं सीएम धामी ने उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनके समुचित इलाज और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है.

चमोली पीपलकोटी में THDC टनल में मलबा एवं पानी आने की घटना के बाद डीएम गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार घटनास्थल पर डटे हुए हैं. डीएम और पुलिस अधीक्षक राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं.अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि सात मौत की पुष्टि हो गई है, लेकिन तीन फंसे कर्मियों को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं.

गौर हो कि बीती सायं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा हादसे में छह लोगों की मौत, जबकि 14 लोगों के घायल होने की पुष्टि की थी. टनल से 22 में से 20 कर्मचारियों को निकाल लिया गया था.चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना, राहत एवं बचाव अभियान जारी है. लापता लोगों के बारे में जानकारी के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून (SEOC Uttarakhand) ने 0135-2710334, 82188 67005 व 1070 फोन नंबर जारी किए हैं किए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *