चमोली/देहरादून: गोपेश्वर जिला मुख्यालय गोपेश्वर से घिंघराण को जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर स्थित ब्रह्मसैण क्षेत्र में भू-धंसाव ने चिंता बढ़ा दी है. सड़क के लगातार नीचे खिसकने से जहां आवागमन प्रभावित हुआ है, वहीं सड़क के आसपास बने आवासीय और व्यावसायिक भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा है. हालात बिगड़ने के कारण अब छोटे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है.
ब्रह्मसैण में भू-धंसाव की समस्या नई नहीं है, पिछले वर्ष से ही यहां सड़क के निचले हिस्से में जमीन खिसकने का सिलसिला शुरू हुआ था. समस्या को देखते हुए क्षेत्र के ट्रीटमेंट के लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई थी, लेकिन अभी तक इसका धरातल पर असर दिखाई नहीं दिया है. इसी बीच लगातार हो रही बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं.
सड़क से करीब 50 मीटर नीचे भू-धंसाव लगातार बढ़ रहा है. इसका असर ऊपर सड़क तक पहुंचने लगा है. लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क को दुरुस्त करने की कोशिश जारी है. भू-धंसाव बढ़ने के साथ ही खतरे की जद में आए भवन स्वामियों की चिंता बढ़ गई है. लोगों को आशंका है कि यदि जमीन खिसकने का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में सड़क के साथ-साथ बस्ती के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है.
भारी बारिश बनी आफत: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने आज फिर कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है. साथ ही अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक आज देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली चमकने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही इन जिलों में गरज व चमक के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है. वहीं मौसम विभाग के अनुसार राज्य के शेष जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. प्रदेश के शेष जिलों में कहीं-कहीं गरज व आकाशीय बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
साथ ही लोगों को भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है. वहीं देहरादून में आज आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. कुछ दौर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 31°C तथा 24°C के लगभग रहने की संभावना है.
