नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें नमन किया. राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेता पूर्व पीएम के नई दिल्ली स्थित स्मारक ‘सदैव अटल’ पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर नई दिल्ली स्थित उनकी समाधि ‘सदैव अटल’ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि दी. उनका निधन 2018 में इसी दिन हुआ था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूँ. असाधारण दूरदर्शी राजनेता, जिन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया. उनके शब्दों और प्रयासों ने पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने हमारे देश को मजबूत बनाया. सुशासन और जन-कल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा.’
पूर्व पीएम वाजपेयी को याद करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वे एक देशभक्त और राजनेता थे जिन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया. एक्स पर एक पोस्ट में शाह ने कहा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के संस्थापक, भारत रत्न, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ.’
उन्होंने कहा, ‘अटल जी ऐसे देशभक्त राजनेता थे जिन्होंने अपने जीवन का हर पल देश की सेवा में समर्पित कर दिया. एक ओर, उन्होंने परमाणु परीक्षणों और कारगिल युद्ध के माध्यम से पूरी दुनिया को भारत की ताकत से अवगत कराया, तो दूसरी ओर, उनकी मूल्यों पर आधारित राजनीति ने पहली बार अंत्योदय और सुशासन के विजन को जमीनी स्तर पर उतारा.’ शाह ने आगे कहा, ‘अटल जी का महान व्यक्तित्व और नेतृत्व हमेशा हर बीजेपी कार्यकर्ता को राष्ट्र-निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा.’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और भारतीय लोकतंत्र तथा राष्ट्रीय विकास में उनके योगदान को याद किया. सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूँ और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ.’
