दो वाहनों की टक्कर, 26 लोगों की मौत, 20 घायल

असम: असम के काजीरंगा के रंगाजन में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. यह एक्सीडेंट तब हुआ जब एक तेज़ रफ़्तार ट्रैवलर (मिनी बस) ने ट्रक को आमने-सामने टक्कर मार दी, जो बोकाखाट से नागांव की ओर जा रही थी. हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई, वहीं 20 लोग घायल हो गए. घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दुख जताया है. वहीं पीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिवारवालों को 2 लाख रुपये व घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
बताया जा रहा है कि ट्रैवलर (मिनी बस) में ज़्यादातर यात्री स्टूडेंट थे. एक्सीडेंट वाली ट्रैवलर का रजिस्ट्रेशन नंबर एएस 02 एसी 6690 है. ड्राइवर की पहचान अब्दुल मजीद के तौर पर हुई है. ट्रैवलर, जिसमें 27 यात्री बैठ सकते थे, बुरी तरह क्षतिग्रस्त्र हो गई.टक्कर के बाद कई यात्री गाड़ी के अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिसवालों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे 715 पर कोहोरा रेंज में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुआ, जब यात्रियों से भरी मिनी बस ट्रक से टकरा गई.
कोहोरा मॉडल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक दीपम कुमार बर्मन ने कहा, ‘‘दुर्घटना में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है. एंबुलेंस से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया है और हम उनसे आंकड़े जुटा रहे हैं.’’इससे पहले गोलाघाट जिले के एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने संवाददाताओं से कहा था कि हादसे में मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. उन्होंने कहा, ‘‘घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहले से ही नौ एम्बुलेंस तैनात हैं। यहां के चिकित्सकों ने 20 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट भेजा है.’’
मृतकों में से 14 की पहचान ज्योति माझी, दर्पणा माझी, अनुराग गोआला (12 वर्षीय बालक), अब्दुल मुजीद (मिनी बस का चालक), सुभाष (मिनी बस का सहायक), राशिद अली, हफीजा खातून, फरहाना यास्मीन, के. आर. लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी करमाकर, दामिनी घटोवार और दीपांजलि के रूप में हुई है.एक अधिकारी ने कहा कि गोलाघाट ज़िला प्रशासन हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पूरी जांच करेगा और यह पता लगाएगा कि क्या दोनों गाड़ियों ने काज़ीरंगा नेशनल पार्क के पास यात्री क्षमता और गति सीमा के नियमों सहित ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया था.
अतिरिक्त जिला आयुक्तजिंटू बोरा ने कहा कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम गोलाघाट के स्वाहिद कुशल कोंवर सिविल हॉस्पिटल में रात में किया जाएगा, और रोशनी का खास इंतज़ाम किया जाएगा.असम के काजीरंगा में हुए सड़क हादसे में हुई मौतों की खबर बहुत दुखद है. मैं उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं उनके जल्दी ठीक होने की कामना करती हूं.
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट में कहा, “असम के गोलाघाट ज़िले में हुए हादसे में लोगों की मौत से मैं बहुत दुखी हूं. दुख की इस घड़ी में, मैं दुखी परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर करता हूं. मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं. साथ ही प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ़ फ़ंड (PMNRF) से हर मृतक के परिवार वालों को एक बार में 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी. वहीं घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.”असम के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा, जो स्थानीय विधायक भी हैं, तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव के काम की देखरेख कर रहे थे. घायल लोगों को कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल ले जाया गया, और ज़्यादातर गंभीर रूप से घायल लोगों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया.
उन्होंने आगे कहा, ” मिनी बस बहुत तेज स्पीड से चल रही थी, पार्क के पास लगी पाबंदियों को तोड़ रही थी. हमें लगता है कि यह हादसा तब हुआ जब मिनीबस के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया, और गाड़ी कंटेनर ट्रक से टकरा गई.”असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है. इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है. उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. कोई भी शब्द उनके दुख को पाट नहीं सकता. लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं है. दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.
इसके अलावा उन्होंने आगे कहा, ‘हमें प्राथमिक तौर पर यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन मेडिकल फैसिलिटी मिले. माननीय मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं. रेस्क्यू कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं. मैं घायलों को जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं.’कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने हादसे पर दुख जताते हुए संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, “काजीरंगा, असम में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *