कर्नाटक :कर्नाटक के विजयपुरा ज़िले की पुलिस ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की एक शाखा से पिछले महीने 21 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी की डकैती के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
चलिए कहानी को शुरू से समझते हैं। मामला कर्नाटक के विजयपुर जिले का है। 16 सितंबर की शाम करीब 6.30 बजे 3 नकाबपोश चडचण कस्बे में SBI की एक ब्रांच में दाखिल हुए। कर्मचारियों को बंधक बनाया और करीब 1 करोड़ रुपये नकद और 20 किलो के आसपास सोना लेकर फरार हो गए। बाजार में सोने की कीमत 20 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। पुलिस ने तलाश शुरू की और 7 टीमें बनाकर लुटेरों को पकड़ने की कोशिशें तेज कर दी।
इस मामले में बड़ा मोड़ 21 सितंबर को आया। दरअसल महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के हुलजांटी गांव में एक शख्स की वैन का मामूली एक्सीडेंट हो गया। देखते ही देखते वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। इसी बीच ड्राइवर ने अचानक से पिस्तौल निकाल ली और लोगों को धमकाता हुआ वहां से भाग गया। इस दौरान वो गाड़ी को वहीं छोड़ गया। पुलिस जब वहां पहुंची तो उन्हें गाड़ी में से सोने के करीब 21 पैकेट बरामद हुए। इनमें करीब 833 ग्राम सोना था। इसके अलावा गाड़ी से 1 लाख रुपये से ज्यादा कैश भी मिला।
पुलिस ने पूरे इलाके में छानबीन शुरू कर दी। पुलिस उन लोगों को पकड़ना चाह रही थी, जिनकी यह गाड़ी थी। दो दिन की तलाश के बाद एक और बड़ी कामयाबी हाथ आई। एक बंद पड़े घर की छत पर एक बैग मिला। इस बैग में 6.54 किलो सोना और करीब 41 लाख रुपये कैश थे। साथ ही पुलिस ने गांव के ही एक शख्स को गिरफ्तार किया, जो कार में सोना और कैश ले उड़ा था। उसके पास से 1.5 किलो सोना और 44.25 लाख रुपये कैश बरामद हुआ।
अब पुलिस के पास संदिग्धों के नाम थे। राकेश कुमार साहनी, राजकुमार पासवान और रक्षक कुमार। सभी की उम्र 21-22 साल के करीब है। चौथा आरोपी महाराष्ट्र का है, जो पूरी लूट का मास्टरमाइंड भी है। इसी शख्स ने बार-बार बैंक आकर रेकी की थी और सोलापुर जिले से एक कार भी चुराई थी। डकैती में इसी कार का इस्तेमाल हुआ था। बाकी तीनों संदिग्धों को पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया। जबकि चौथे को 7 अक्टूबर को महाराष्ट्र से दबोच लिया गया है।