सवारियों से भरी बस पलटी

पौड़ी: रिखणीखाल क्षेत्र में उस वक्त सवारियों से चीख पुकार मच गई, जब एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. बस में करीब 15 यात्री सवार थे. हादसे में चार यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं. यह बस कोटद्वार से तोल्यू डांडा की ओर जा रही थी, तभी हादसे का शिकार हो गई. वहीं, हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे. जहां घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल, सभी घायल यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (GMOU) की बस संख्या UK 12 PB 0179 रिखणीखाल क्षेत्र में तोल्यू डांडा के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. जिससे बस में चीख पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि बस में लगभग 15 यात्री सवार थे. घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलते ही रिखणीखाल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला. घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि सभी यात्रियों को साधारण चोटें आई हैं और उनकी स्थिति सामान्य है. गनीमत रही कि बस अन्य जगह पर नहीं पलटी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. क्योंकि, सड़क कई जगहों पर काफी खतरनाक है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *