व्यावसायिक गैस सिलेंडर संकट !

देहरादून। प्रदेश के अधिकतर जिलों में मंगलवार को दोपहर बाद व्यावसायिक सिलिंडर का स्टाक खत्म हो गया।हालांकि, घरेलू गैस की आपूर्ति में अभी किसी तरह की दिक्कतें नहीं हैं। डीएसओ की टीम एजेंसियों के स्टाक की लगातार चेकिंग कर रही हैं।ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध से भारत समेत अन्य देशों की ईधन आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है। घरेलू और व्यावसायिक गैस के दाम अचानक बढ़ गए हैं।

व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति व्यवस्था बाधित होने लगी है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर गैस एजेंसियों में व्यावसायिक सिलिंडर का स्टाक दोपहर 12 बजे तक खत्म हो गया था। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट कारोबारी एजेंसियों के चक्कर काटते रहे। सिलिंडर नहीं मिल पाए। आइओसी, बीपीसी, एचपीसी की तकरीबन 350 एजेंसियां हैं। जिसमें घरेलू गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं की संख्या 29 लाख एवं व्यावसायिक कनेक्शन की संख्या 55 हजार है।

जिला पूर्ति विभाग की ओर से विधिवत एजेंसियों के स्टाक चेक किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन की गैस डिलीवरी एवं बुकिंग का रिकार्ड दर्ज किया जा रहा है।जिससे अधिक समय पर बैकलाग की स्थिति पैदा न हो सके। इसके साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है।मंगलवार को दून की अधिकतर एजेंसियों में दोपहर एक बजे तक व्यावसायिक गैस सिलिंडर का स्टाक समाप्त हो गया। देहरादून जिले में वर्तमान में 78 गैस एजेंसियां हैं।

जिसमें आइओसी की 54 एजेंसी, बीपीसी की 16, एचपीसी की आठ एजेंसियां शामिल हैं। तीनों कंपनियों के व्यावसायिक गैस कनेक्शन उपभोक्ताओं की संख्या 19627 है।शिक्षण संस्थान एवं अस्पताल को विधिवत व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध हो सके, इसको लेकर जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल आयल कंपनियों से लगातार संपर्क साध रहे हैं। जिससे अस्पताल एवं शिक्षण संस्थानों में गैस की विधिवत सप्लाई हो सके।

प्रदेश में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की कनेक्शन की संख्या 29 लाख है। प्रदेश की सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त गैस का स्टाक है।इसके अलावा एजेंसियों को अतिरिक्त गैस की गाड़ियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग की है, उनको 25 दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

गैस की कालाबाजारी करने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सरकार ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं।इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारियों को विशेष टीम धरातल पर उतराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की गई है।गैस की कालाबाजारी करने वाले व्यक्ति की सूचना जिला पूर्ति कार्यालय एवं प्रशासन को दी जाए। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *