जश्न-ए-आजादी के उल्लास में डूबी देवभूमि

देहरादून:देवभूमि उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस की 77वीं वर्षगांठ धूम धाम से मनाई गई। सबसे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। वहीं, सीएम ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही प्रदेशभर में कई जगह प्रभात फेरी निकाली गई तो कई स्कूलों व कार्यक्रमों में ध्वजारोहण किया गया। साथ ही रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

सीएम धामी ने राजधानी देहरादून के परेड मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों, सैन्य और अर्धसैन्य बलों के शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि आज जो हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सचिवालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण करते हुए सभी को 77 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्य सचिव ने कहा कि भारत की आजादी को 100 वर्ष पूर्ण होने तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है।

भारत तिब्बत सीमा पुलिस ने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारत-चीन सीमा तक प्रभात फेरी निकाली। रैली और प्रभात फेरी में हिमवीरों के साथ ही स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।उधर, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित भी किया।

प्रदेशभर में जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में युवाओं और बच्चों ने प्रभात फेरी और रैली निकालकर जश्न मनाया। वहीं, कई जगह पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *