आस्था, श्रद्धा और विश्वास

देहरादून:श्री झंडे जी आरोहण के लिए 94 फीट ऊंचे पवित्र ध्वजदंड को आस्था, श्रद्धा और विश्वास के साथ श्री दरबार साहिब लाया गया। बॉम्बेबाग से संगत कांधे पर ध्वजदंड को रखकर जयकारों के साथ लेकर पहुंची। इस क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में दूनवासी एकत्र हुए और दर्शन किए।

सुबह के समय बॉम्बेबाब स्थित एसजीआरआर स्कूल में श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को दर्शन दिए। इसके बाद श्रीमहंत की अगुवाई में संगत ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। गुरु महिमा के जयकारों के बीच सुबह संगत ने नए पवित्र ध्वजदंड को अपने कांधों पर उठाया और श्री दरबार साहिब की ओर लेकर निकले। संगत ने जैसे ही ध्वजदंड को उठाया तो जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

स्कूल से पथरीबाग ध्वजदंड लेकर संगत पहुंची तो दृश्य पूरी तरह भक्तिमय हो गया। संगत ध्वजदंड को टीएचडीसी चौक, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के सामने से होते हुए लालपुल चौक पहुंचीं। वहां से मातावाला बाग, सहारनपुर चौक होते हुए श्री दरबार साहिब पहुंची। जहां से ध्वजदंड को लेकर संगत निकली, वहां पुष्पवर्षा का स्वागत किया गया। जगह-जगह प्रसाद वितरित किया गया।

श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि श्री झंडा महोत्सव प्रेम, स्नेह, सद्भाव, भाईचारा, मानवता, श्रद्धाभाव और अटूट आस्था का प्रतीक है। यह मेला गुरु की कृपा और आशीर्वाद से सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के लोगों को एक सूत्र में पिरोता है। गुरु महाराज की कृपा और संगतों की अपार श्रद्धा से यह मेला हर साल और अधिक भव्य, दिव्य और आध्यात्मिक रूप में आयोजित होता है।

श्री झंडे मेले के लिए संगत लगातार श्री दरबार साहिब में पहुंच रही है। इससे दरबार साहिब में रौनक भी बढ़ गई है। शुक्रवार को भी संगत के आने का क्रम लगातार जारी रहा। सहारनपुर रोड से श्री दरबार साहिब तक संगत की रौनक दिखाई दी। पंजाब, यूपी, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचे। संगत के ठहरने के लिए एसजीआरआर स्कूल बिंदाल, एसजीआरआर स्कूल तालाब, एसजीआरआर स्कूल राजा रोड, एसजीआरआर स्कूल भंडारी बाग, पटेलनगर सहित दून की सभी प्रमुख धर्मशालाओं में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक दर्जन छोटे बड़े लंगर की व्यवस्था की गई है।

दून के एतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण रविवार यानी कल होगा। सुबह से ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और दोपहर के समय आरोहण किया जाएगा। इसके लिए तैयारियों को अब अंतिम रूप देना शुरू कर दिया गया है। इस बार 94 फीट ऊंचे श्री झंडे जी का आरोहण होगा। श्री दरबार साहिब प्रबंधन का अनुमान है कि इस पल का साक्षी बनने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचेंगे।

श्री झंडे जी के आरोहण के साक्षी बनने के लिए विदेशों से भी संगत दून आएगी। इसके लिए श्री दरबार साहिब की ओर से अमेरिका, लंदन समेत विदेशों में 800 से ज्यादा निमंत्रण भेजे है। मेला प्रभारी विजय गुलाटी ने बताया कि विदेशों से श्री झंडे जी आरोहण के साक्षी बनने के लिए संगत पहुंचती है। इसके लिए निमंत्रण भी भेजे जाते हैं। इस बार 800 से ज्यादा निमंत्रण विदेशों में भेजे गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *