राज्यपाल के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी, श्रीनगर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

श्रीनगर: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया. स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी के तौर पर पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर उतार दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खामियां सामने आईं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर लैंडिंग का फैसला लिया गया. इसके तहत हेलीकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया.

हेलीकॉप्टर के उतरते ही मौके पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई. सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तत्काल श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे फिलहाल सुरक्षित हैं. उधर, तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है और खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग कर ली गई, जिससे किसी तरह की अनहोनी टल गई.फिलहाल राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही अगली उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा.

श्रीनगर कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि, तकनीकी खामी के कारण हेलीकॉप्टर को जीवीके हेलीपैड पर उतारा गया है. जहां हेलीकॉप्टर की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस समय राज्यपाल पुलिस गेस्ट हाउस श्रीनगर में मौजूद हैं.बताया जा रहा है कि राज्यपाल टिहरी गढ़वाल से गैरसैंण के लिए जा रहे थे. गैरसैंण में कल 9 मार्च से बजट सत्र आहूत है. जिसके तहत राज्यपाल गैरसैंण के लिए जा रहे थे.

गौर है कि राज्यपाल गुरमीत सिंह रविवार को ‘द टिहरी लेक फेस्टिवल’ के तीसरे दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बतौर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि चार दिन में 15 से अधिक प्रतियोगिताएं और उनमें साढ़े तीन हजार प्रतिभागियों की उपस्थिति उत्साहित करने वाली है. पहली बार आयोजन का दायरा बढ़ने और इसमें विभिन्न विषयों के समावेश को उन्होंने खास तौर पर रेखांकित किया.

अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के आलोक में राज्यपाल ने अपने संबोधन के एक बड़े हिस्से को महिलाओं पर केंद्रित किया. उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटियों के लक्ष्य बहुत ऊंचे हैं. वह बेहद मजबूत और दृढ़ इच्छा शक्ति वाली हैं. उन्होंने चार संस्मरणों के जरिए दिलचस्प ढंग से महिला शक्ति का बखान किया.

राज्यपाल ने पेंटिंग, मास्टर शेफ, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एवं मिसेज टिहरी आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए. इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें पहाड़ी वाद्य यंत्र रणसिंघा से संबंधित स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सुर गंगा संगीत कला मंच की ओर से नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसकी राज्यपाल ने सराहना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *