लैंडस्लाइड: 5 घर और एक मल्टीस्टोरी होटल ढहा, कई के मरने की आशंका

मिजोरम : दक्षिणी मिजोरम के लॉन्गतलाई शहर में बड़ा हादसा हुआ है। लगातार भारी बारिश के कारण बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस लैंडस्लाइड में पांच मकान और एक होटल के ढह गया है। इस हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। मौके पर अधिकारी पहुंचे हैं। राहत कार्य जारी है, हालांकि मूसलाधार बारिश से बचाव कार्य में बाधा आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ।

लॉन्गतलाई के बाजार वेंग और चांदमारी इलाकों के सीमावर्ती इलाके में भूस्खलन की चपेट में आने से मकान और होटल ढह गए। अधिकारियों ने कहा कि होटल में ठहरे म्यांमा के कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि लॉन्गतलाई जिले के सबसे बड़े नागरिक समाज संगठन ‘यंग लाई एसोसिएशन’ (वाईएलए) के स्वयंसेवकों के साथ-साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसआरडीएफ) और तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन के कर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं। पूर्वोत्तर राज्य में शुक्रवार से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुई हैं।

इससे पहले शुक्रवार को आइजोल जिले में भारी बारिश के कारण मजदूरों के शिविर पर दीवार गिरने से 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। यह घटमै आइजोल के उत्तरपूर्वी हिस्से में स्थित थुआम्पुई इलाके में हुई। जिस दौरान शिविर पर दीवार गिरी तब वहां दोनों लोग ठहरे हुए थे।

राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया कि भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने से जिलों को जोड़ने वाले कई मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। असम और मणिपुर की सीमा से सटे आइजोल जिले के मौचर गांव व आइजोल के पश्चिमी बाहरी इलाके में रंगवामुअल में बारिश के कारण जमीन धंसने और दीवार के ढहने से कम से कम दो घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

राज्य के पूर्वी हिस्से में चम्फाई के बेथेल वेंग इलाके में भी एक घर भूस्खलन में ढह गया। पुलिस ने बताया कि पश्चिमी मिजोरम के मामित जिले में भूस्खलन और तेज हवा के कारण दो घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। भारी बारिश के कारण सैतुआल जिले को छोड़कर राज्य के सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *