अल्मोड़ा: जिले के भतरौजखान थाना क्षेत्र के डढरिया में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया. दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रामनगर रेफर किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को काफी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला. घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में प्राथमिक उपचार के बाद रामनगर रेफर कर दिया गया है, जबकि तीसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.
गौर हो कि उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. सड़क हादसे में आए दिन लोग जान गंवा रहे हैं. भतरौजखान के स्याहीलैण से मौलेखाल बाजार की ओर एक वैगनआर कार (संख्या SR 26 EX 8497) में तीन लोग सवार होकर जा रहे थे. जैसे ही वाहन डढरिया के पास पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार लगभग 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. खाई में गिरते समय कार एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे में ग्राम सौखती हरड़ा सल्ट निवासी पवन सिंह (26 वर्ष), ग्राम स्याहीलैण डढरिया सल्ट निवासी अजय रावत (25 वर्ष) तथा ग्राम सोखती हरडा सल्ट निवासी कपिल सिंह (20 वर्ष) घायल हो गए. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया. इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल ले जाया गया.
जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पवन सिंह और अजय रावत की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रामनगर रेफर कर दिया. जबकि तीसरे घायल कपिल सिंह को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
