आम आदमी को लगा बड़ा झटका

नई दिल्ली। यूएस-ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब आपके घरों तक पहुंच गया है। पहले से ही ये चिंता जताई जा रही थी कि घरेलू सिलेंडर की कीमत में इजाफा हो सकता है और वही हुआ। एएनआई ने सूत्रों के हवाले से ये कहा है कि आज से घरेलू सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी होगी। हालांकि इसे लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट के तहत ये कहा जा रहा है कि घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब आपको 853 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर 913 रुपये का मिलेगा।

सुबह 10 बजे पीटीआई में एक रिपोर्ट जारी हुई है इसमें आईओसी की वेबसाइट का हवाला देते हुए कहा गया है कि मुंबई में गैर-सब्सिडी वाली एलपीजी अब 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये की हो गई है। स्थानीय बिक्री कर या मूल्य वर्धित कर (वैट) की दरों के आधार पर राज्यों में दरें अलग-अलग होती हैं।

घरेलू सिलेंडर के अलावा कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी इजाफा किया जा सकता है। इसका असर बाहर के खाने के दाम में भी दिख सकता है। एएनआई की मानें तो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये में मिल सकता है। वहीं मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1835 रुपये हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *