नई दिल्लीः देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका जताई है. कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह देश के 14 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इनमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं. कई जगहों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है.
राजधानी दिल्ली में 11 मार्च से 14 मार्च तक आसमान में बादल बने रह सकते हैं. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है. हालांकि 15 मार्च के बाद तापमान तेजी से बढ़ने के संकेत हैं और गर्म हवाएं चलने लगेंगी. बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च को उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है. इसके बजाय कई जिलों में तापमान बढ़ने से गर्मी तेज हो सकती है. मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, मुरादाबाद, अमरोहा, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, बस्ती और फतेहपुर जैसे जिलों में तापमान बढ़ने के आसार हैं.
बिहार में बुधवार को कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड में 11 मार्च से मौसम बदलने की संभावना है. 15 मार्च तक कई जिलों में बारिश और तेज हवा चल सकती है. कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. नैनीताल, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में बारिश की संभावना जताई गई है. देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
