कीव। यूक्रेन ने कीव पर रूसी हमले के जवाब में शनिवार को रूस के भीतर बड़ा ड्रोन हमला किया है। यूक्रेन के दावे के अनुसार इस हमले में रूस की एक बड़ी तेल रिफायनरी, सैन्य हवाई पट्टी और इलेक्ट्रॉनिक सामान का एक कारखाने को निशाना बनाया गया। हमलों में तीन लोगों के मारे जाने की भी सूचना है।
इस बीच गुरुवार तड़के कीव पर रूसी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है, 150 से ज्यादा लोग घायल हैं जिनमें कई की हालत गंभीर है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने हमले के यूक्रेनी दावे की पुष्टि नहीं की है।
कहा है कि शुक्रवार-शनिवार की रात यूक्रेन से रूस में आए 338 ड्रोन को आकाश में नष्ट कर दिया गया। जबकि यूक्रेन की वायुसेना ने बताया है कि इस दौरान रूस ने यूक्रेन में 53 ड्रोन भेजे थे जिनमें से 45 को आकाश में नष्ट कर दिया गया। रूस ने पूर्वी यूक्रेन के एक और गांव पर कब्जे का दावा किया है।
यूक्रेन में हथियारों की आपूर्ति के लिए अमेरिका, नाटो, यूरोपीय देशों और यूक्रेन ने अलग से व्यवस्था बनाई है। इस व्यवस्था में यूक्रेन हथियारों की आवश्यकता बताएगा। यूरोपीय देश उन हथियारों के लिए धनराशि सीधे अमेरिका को देंगे। अमेरिका उन हथियारों को सैन्य संगठन नाटो को देगा और नाटो उन हथियारों को यूक्रेन को देगा।