उत्तराखंड में मौसम शुष्क

देहरादून: उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में फिलहाल बारिश के आसार नहीं है। प्रदेश में 25 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद जताई गई है। मतलब, दिन में धूप और सुबह- शाम हवाओं के साथ ठंडक का अहसास। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में मौसम शुष्क रहने से तापमान में वृद्धि हो सकती है। सुबह और शाम को सर्द हवाएं चलने से ठंड का एहसास हो रहा है।

शुष्क मौसम भले ही लोगों को परेशान कर रहा है, लेकिन उत्तरकाशी में चल रहे रेस्क्यू अभियान में सबसे बड़ा सहायक भी बना हुआ है। मौसम सामान्य है। इस वजह से रेस्क्यू कार्य भी हो रहे हैं। अगर मौसम बिगड़ता है तो रेस्क्यू कार्य में भी तमाम दिक्कतें आ सकती हैं। नवंबर माह के अंतिम पखवाड़े में भी मौसम सामान्य बने रहने के कारण दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है। तापमान भी सामान्य से एक या दो डिग्री अधिक बना हुआ है।

प्रदेश के तमाम इलाकों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। फिलहाल 25 नवंबर तक मौसम में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है। इससे फिलहाल बढ़े हुए तापमान से दिन के समय गर्मी होने की उम्मीद है। इन दिनों गर्म कपड़ों की डिमांड भी कम ही है। पर्वतीय क्षेत्र में भी मौसम सामान्य बना हुआ है। इससे दिन के समय तापमान बढ़ रहा है। रात के समय पारा गिरने से ठंड पड़ रही है। सूखी ठंड से बच्चों और बुजुर्गों को संक्रामक बीमारियां हो रही हैं।

देहरादून से लेकर हरिद्वार तक इस प्रकार के मौसम का अहसास हो रहा है। देहरादून में बुधवार को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दिन में धूप खिली रहने के कारण तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकती है। हरिद्वार में भी इसी प्रकार का मौसम दिख रहा है। यहां पर अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *