दीपावली से पहले सर्दी बढ़ी

हल्द्वानी। धनतेरस पर्व के दिन शुक्रवार तड़के से ही सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जिले में मौसम ने करवट बदल ली है। यहां हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली सहित मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में रिमझिम वर्षा हो रही है। अचानक सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा होने से तापमान में भी गिरावट आने के साथ ठंड में वृद्धि हो गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान में शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से हल्की वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षा कृत कमजोर है। ऐसे में ज्यादा भारी वर्षा की संभावना नहीं है। शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा।

दीपावली पर्व के सप्ताह में पटाखों का जमकर प्रयोग होता है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में पराली जलाने का प्रभाव पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिख रहा है और यहां वायु की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ऐसे शुक्रवार को सुबह से जारी वर्षा वायु प्रदूषण को कम करने में मददगार होगी।

मौसम से जुड़े आंकड़ों के अनुसार नैनीताल जिले में नवंबर में दो वर्ष बाद वर्षा हुई है। वर्ष 2021 व 2022 में वर्षा नहीं हुई थी। हालांकि, 2020 में पूरे माह सिर्फ 1.0 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। ऐसे में यह मौसम के बदलते चक्र का संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *