5 करोड़ कांवड़ियों के लिए 1000 सफाई कर्मी तैनात

हरिद्वार: 30 जुलाई से कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत होने वाली है. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग समेत तमाम विभागों ने मेले की तैयारी पूरी कर ली है. पांच करोड़ कांवड़ियों के आने के अनुमान को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं.

कांवड़ मेले को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए हरिद्वार नगर निगम ने 300 अस्थाई शौचालय और 1000 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है. साथ ही हरकी पैड़ी क्षेत्र में दो अत्याधुनिक मशीनें भी लगाई हैं. वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग भी कांवड़ियों की सेहत और स्वास्थ्य के लिए लगातार निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की जांच कर रहा है. पिछले 15 दिनों में चालीस से ज्यादा खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए और न्यायालय में 07 वाद भी तैयार किए गए हैं.

सामान्य दिनों में हरिद्वार शहर से प्रतिदिन लगभग 250 टन कूड़ा निकलता है, लेकिन कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण यह मात्रा कई गुना बढ़ जाती है. इसे देखते हुए नगर निगम ने अतिरिक्त संसाधन की व्यवस्था की है. क्योंकि कांवड़ मेले में बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार आते हैं और इतने बड़े आयोजन में सफाई व्यवस्था एक बड़ी चुनौती होती है. चुनौतियों से निपटने के लिए हरिद्वार नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं.

मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कांवड़ मार्ग, मुख्य पार्किंग और गंगा घाटों नगर निगम की ओर से करीब 300 अस्थायी शौचालय स्थापित किए गए हैं. करीब 1000 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो दिन रात कूड़ा उठाने का कार्य करेंगे. नगर निगम ने इस बार सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो आधुनिक सफाई मशीनें भी लगाई हैं. ये मशीनें विशेष रूप से हरकी पैड़ी क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े के त्वरित निस्तारण में मदद करेंगी. मेले के दौरान 24 घंटे कूड़ा उठाने की व्यवस्था रहेगी और एकत्रित कूड़े को तत्काल कूड़ा निस्तारण प्लांट भेजा जाएगा.

वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी कांवड़ मेले को लेकर कमर कस ली है. कांवड़ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को स्वच्छ और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा. विभाग की टीमें लगातार कांवड़ यात्रा मार्ग, भंडारों, ढाबों, होटलों और छोटी बड़ी दुकानों का निरीक्षण करेंगी. इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित रेट लिस्ट की जांच की जा रही है. कहीं भी ओवररेटिंग या मिलावट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. अभी दो दिन पहले भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में एक डेयरी पर छापेमारी कर करीब 50 किलो मिलवटी पनीर बरामद किया और सैंपल लेकर रुद्रपुर लैब भेजे. साथ ही डेयरी संचालक को लाइसेंस न दिखाने पर नोटिस भी जारी किया गया.

कांवड़ मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है. पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है. आधुनिक मशीनों का भी उपयोग किया जाएगा. पूरे मेला क्षेत्र से कूड़ा लगातार उठाकर तत्काल निस्तारण प्लांट भेजा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके. प्रयास है कि दिन रात कूड़ा उठान का कार्य किया जाए, ताकि गंदगी के ढेर जमा न हो. आगामी कुंभ मेले के लिए 15 आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी.

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि-जिलाधिकारी के निर्देश पर पिछली 15 जुलाई से ही निरीक्षण अभियान जारी है. 40 सैंपल लेकर रुद्रपुर लैब भेजे गए हैं. 7 वाद भी न्यायालय में दायर किए गए हैं. कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. इसके लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा.: खाद्य सुरक्षा अधिकारी जोशी ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ साथ ओवररेटिंग पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *