नई दिल्ली:बजट में सोना और चांदी को लेकर कोई सीधी बड़ी घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बजट के बाद कमोडिटी मार्केट में सोने और चांदी के दामों में तेज गिरावट आई है. आज, 2 फरवरी को MCX पर चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से करीब ₹1.73 लाख तक टूट चुकी है, तो सोना भी गिरकर ₹1.37 लाख के भाव पर आ गया है. हालांकि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट (Gold Silver Price Crash) बीते 3 दिनों से जारी है. वहीं लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूजन में हैं कि क्या यह खरीदारी का सही मौका है या कीमतें अभी और नीचे जाएंगी.
यहां हम आपको बताएंगे कि आपके शहर में 22 कैरेट और 24 कैरेट सोने का भाव क्या है और बजट के बाद बने नए माहौल में एक्सपर्ट्स की क्या राय है. अगर आज सोने-चांदी की खरीद करने जा रहे हैं या निवेश की सोच रहे हैं तो यहां आपको मिलेगा सोने-चांदी के रेट का पल-पल का अपडेट…
सोने और चांदी के भाव में एक दशक यानी पिछले 10 सालों की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. केडिया एडवायजरी के अनुसार, सोने और चांदी की कीमतों में आई इस सुनामी के पीछे 6 बड़े कारण हैं. अगर आप भी इस गिरावट से हैरान हैं, तो इसे आसान भाषा में यहां समझें:
मुनाफावसूली का दबाव (Profit-booking): सोना अपने रिकॉर्ड हाई पर पहुँच चुका था, जिसके बाद निवेशकों ने अपना प्रॉफिट निकालना शुरू कर दिया. इस बिकवाली से रॉकेट की रफ्तार से भाग रही कीमतों की पर ब्रेक लग गया.
ट्रेडिंग के कड़े नियम: स्टॉक एक्सचेंजों ने सोने-चांदी पर ‘मार्जिन’ बढ़ा दिया है. इसका असर यह हुआ कि जिन लोगों ने कर्ज लेकर ट्रेडिंग (Leveraged Trading) की थी, उन्हें मजबूरी में अपने सौदे काटने पड़ रहे हैं.
ETFs में मची बिकवाली: गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ (ETFs) से निवेशक पैसा निकाल रहे हैं. इसी भारी बिकवाली के चलते कीमतों में 20% तक का बड़ा सुधार (Correction) देखने को मिला है.
डॉलर की मजबूती और घटता तनाव: अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से सोने पर दबाव बढ़ा है. साथ ही, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की खबरों से ग्लोबल टेंशन कम हुआ है, जिससे सेफ इन्वेस्मेंट के तौर पर सोने की डिमांड घट गई है.
देश की राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना ₹1,51,680 प्रति 10 ग्राम पर है. वहीं, गहने खरीदने वालों के लिए 22 कैरेट का भाव ₹1,39,050 और 18 कैरेट का भाव ₹1,13,800 चल रहा है.
सोने और चांदी के बाजार में आज ,2 फरवरी, को एक ऐसी गिरावट आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है.मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सुबह चांदी का मार्च वायदा (Silver Futures) 7.31 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ ₹2,46,245 प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले हफ्ते गुरुवार को चांदी ने ₹4,20,048 का अपना नया ऑल-टाइम हाई बनाया था. तब से लेकर अब तक ,महज 3 सत्रों में चांदी ₹1,73,803 (लगभग 41 प्रतिशत टूट चुकी है. यानी जिस चांदी को खरीदने के लिए कुछ दिन पहले ₹4.20 लाख चुकाने पड़ रहे थे, वही अब ₹2.50 लाख के भी नीचे उपलब्ध है.
वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सुबह 9:35 बजे सोना ₹4,266 (3.0%) की बड़ी गिरावट के साथ ₹1,37,951 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है

