रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): अगस्त्यमुनि विकासखंड की क्यूंजा घाटी में कंडारा सड़क पर सोमवार रात करीब नौ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पोखरी में आयोजित शादी समारोह से बारातियों को लेकर लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है.
मैक्स वाहन रांसी-गोंडार क्षेत्र का बताया जा रहा है. वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जो पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान कंडारा सड़क पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे.
संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर खाई में गिरे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में दो घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चार गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा गया है.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल एवं एसडीआरएफ टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान संचालित किया. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य कंडारा अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत और कालीमठ वार्ड के पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा देर रात तक मौके पर मौजूद रहे.
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया. प्रधान संगठन के अध्यक्ष मनोज वैष्णव, यूकेडी नेता आशुतोष भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत और शिव सिंह रावत भी घटनास्थल पर पहुंचे.
