अजेंद्र अजय ने फिर फोड़ा बम

देहरादून: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बदरी केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने फिर बयान बम फोड़ा है. अब उनकी नई सोशल मीडिया पोस्ट पर चर्चाओं का दौर जारी है. ऐसा माना जा रहा है कि अजेंद्र अजय, पार्टी और सरकार से नाराज चल रहे हैं. जिसके चलते अन्य पार्टियों की नजर भी इन पर बनी हुई है. ताकि इस पूरे मामले को लेकर भाजपा को घेरा जा सके. वहीं अजेंद्र अजय ने सोशल मीडिया के जरिए एक और बड़ा बयान जारी किया है.

अजेंद्र अजय का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी अभिव्यक्ति को व्यक्त किया था. इसके बाद से ही उन्हें हर तरह से घेरने का प्रयास किया जा रहा है. यही नहीं, ये भी कहा जा रहा है कि पद के लालच की वजह से वो सोशल मीडिया पर बयानबाजी कर रहे हैं. साथ ही कहा कि उनको लेकर यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि उन्हें श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष पद पर फिर से नियुक्त नहीं किया गया, जिसके कारण वो अपनी नाराजगी सोशल मीडिया के जरिए व्यक्त कर रहे है. अजेंद्र अजय ने कहा कि ऐसा नहीं है.

अजेंद्र अजय ने कहा कि उनके बारे में मीडिया एवं सोशल मीडिया के जरिए यह भी प्रचारित करने की कोशिश हो रही है कि अजेंद्र अजय फलां गुट का है. फलां का आदमी है. यही वजह है कि वो सोशल मीडिया के जरिए इन बातों को बता रहे हैं. यही नहीं, ये भी कहा जा रहा है कि किसी पद को पाने की लालसा की वजह से ही अजेंद्र अजय की ओर से लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं. बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि लेकिन पद की लालसा जैसी बातों को फैलाने वाले सभी लोग इस बात को जानते हैं कि उन्होंने बिना किसी पद के भी पिछले कई सालों तक पार्टी में काम किया है.

अजेंद्र अजय ने कहा कि किन विषयों को लेकर उनकी नाराजगी है, इस बात को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ ही अन्य स्तरों पर भी व्यक्त कर चुके हैं. यही नहीं, जिन विषयों को लेकर उनकी नाराजगी है और उन्होंने जिन विषयों को उठाया है वह कोई उनका व्यक्तिगत मामला नहीं बल्कि सार्वजनिक महत्व का मामला है. ऐसे में इन सब विषयों से संबंधित कुछ दस्तावेज प्राप्त होने के बाद जल्द ही दस्तावेजों और विषयों को सार्वजनिक करेंगे.

ये पोस्ट लिखते-लिखते अजेंद्र अजय के तेवर शायद बहुत तल्ख हो गए थे. उन्होंने पोस्ट के आखिर में एक वाक्य लिखा- ‘आश्चर्य की बात यह है कि एक आपराधिक छवि का भाजपा प्रवक्ता आज किसी चैनल पर मुझे ज्ञान और उपदेश देता दिखा.’ हालांकि थोड़ी देर बाद उन्होंने वो लाइन डिलीट कर दी. लेकिन उनकी पोस्ट के कमेंट बॉक्स में जो रिएक्शन आए, उनमें कई लोगों ने आपराधिक छवि का प्रवक्ता वाली लाइन पर प्रतिक्रिया दी है.

अजेंद्र अजय के तेवर देखकर लग नहीं रहा है कि ये विवाद जल्द थमने वाला है. ऐसा लग रहा है कि वो आर-पार की लड़ाई लड़ने के मूड में हैं. दूसरी तरफ बीजेपी प्रदेश हाईकमान के तेवर भी अजेंद्र अजय के खिलाफ सख्त दिख रहे हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि सरकार की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *