हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध आदि कैलाश यात्रा के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है. यह यात्रा आगामी 8 मई से प्रारंभ होगी. इस बार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और अनुमान है कि बीते वर्षों की तुलना में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है.
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में स्थित आदि कैलाश यात्रा 8 मई से शुरू होने जा रही है, जो पहले चरण में 15 जून तक संचालित होगी. इस अवधि के दौरान कुल 15 बैच यात्रा के लिए रवाना किए जाएंगे. कुमाऊं मंडल विकास निगम यानी केएमवीएन द्वारा यात्रा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. केएमवीएन के महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ला के अनुसार, पहला बैच 8 मई को हल्द्वानी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से रवाना होगा, जो अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ होते हुए आदि कैलाश पहुंचेगा.
इसके अलावा प्रशासन टनकपुर और धारचूला मार्ग से भी यात्रियों को ले जाने की योजना पर विचार कर रहा है, जिससे यात्रा और अधिक सुगम बनाई जा सके. यात्रा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही श्रद्धालुओं का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. बुकिंग की बढ़ती संख्या को देखते हुए केएमवीएन के अधिकारियों में भी खास उत्साह देखा जा रहा है और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
उत्तराखंड में छोटा कैलाश के नाम से प्रसिद्ध आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा धार्मिक आस्था का केंद्र मानी जाती है. इस यात्रा का श्रद्धालुओं को लंबे समय से इंतजार रहता है. खास बात यह है कि यह यात्रा केवल एक तीर्थ यात्रा ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अनुभव भी प्रदान करती है. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कुमाऊं क्षेत्र के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा, जिनमें कैंची धाम, जागेश्वर धाम, चितई गोलू देवता मंदिर और पाताल भुवनेश्वर जैसे पौराणिक स्थल शामिल हैं.
श्रद्धालु कुमाऊं मंडल विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होंगे, जिससे उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी.
