केदारनाथ यात्रा में ड्रोन से होगी निगरानी

रुद्रप्रयाग: आगामी केदारनाथ यात्रा को लेकर पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. कपाट खुलने में अब मात्र 18 दिन शेष हैं. ऐसे में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में पुलिस दूरसंचार टीम उपनिरीक्षक कपिल नैथानी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम पहुंच चुकी है. टीम ने पूरे पैदल मार्ग और धाम क्षेत्र में वायरलेस सिस्टम को पुनर्स्थापित और सक्रिय करने का कार्य शुरू कर दिया है. ट्रायल के तौर पर सभी पुलिस चौकियों को वायरलेस नेटवर्क से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है.दूरसंचार टीम ने केदारनाथ में बर्फबारी के बीच रुद्राप्वाइंट के पास वायरलेस सेट स्थापित कर जिला नियंत्रण कक्ष से सफल संचार स्थापित किया है. इसके साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सैटेलाइट फोन से डेल्टा कम्युनिकेशन भी शुरू कर दिया गया है.

इस वर्ष यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में कुल 181 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे. वहीं 21 महत्वपूर्ण स्थानों पर पीए सिस्टम के जरिए श्रद्धालुओं को मौसम, मार्ग और अन्य आवश्यक सूचनाएं दी जाएंगी. यात्रा के दौरान सोनप्रयाग, गुप्तकाशी और जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में 6 ड्रोन तैनात किए जाएंगे. ये ड्रोन निगरानी, ट्रैफिक नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू कार्यों में सहयोग करेंगे.

संचार व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 30 स्थिर और 100 हैंडहेल्ड वायरलेस सेट पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके. पुलिस प्रशासन द्वारा आधुनिक तकनीकों के समन्वित उपयोग से इस वर्ष यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाने का लक्ष्य रखा गया है. सीसीटीवी, ड्रोन, वायरलेस और पीए सिस्टम के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.

आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने रुद्रप्रयाग मुख्यालय से लेकर चमोली सीमा तक बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से कमेड़ा स्लाइडिंग जोन का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी घोलतीर ने जानकारी दी कि वर्ष 2022 में इस क्षेत्र में हाईवे पूरी तरह वॉशआउट हो गया था, जिसके बाद से बरसात के समय यहां यातायात प्रभावित रहता है. इस पर एसपी ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और सुचारु यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

इस दौरान एसपी ने चौकी घोलतीर का औचक निरीक्षण भी किया. उन्होंने चौकी भवन, भोजनालय, प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया. चौकी परिसर के पीछे क्षतिग्रस्त पुश्ते की मरम्मत कराने तथा पूरे परिसर की रंगाई-पुताई के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए.

केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने के बाद मालवाहक घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू हो गई है. पिछले एक सप्ताह से डीडीएमए (District Disaster Management Authority) के मजदूर लगातार मार्ग को सुचारू बनाने में जुटे हुए थे. डीडीएमए के मजदूरों ने बीते दिनों छोटी लिनचोली के पास बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया था.

कुबेर और भैरव ग्लेशियर क्षेत्रों में भारी बर्फ के कारण रास्ता बनाने में सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ा. मजदूरों ने कड़ी मेहनत करते हुए इन स्थानों पर बर्फ काटकर मार्ग तैयार किया. रुद्रा पॉइंट और बेस कैंप क्षेत्र में जेसीबी मशीनों की मदद से बर्फ हटाई गई, जिससे कार्य में तेजी आई.

डीडीएमए ने मजदूरों को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर विभिन्न स्थानों पर मार्ग निर्माण का कार्य कराया. शनिवार तीन अप्रैल से निर्माण सामग्री लेकर मालवाहक घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू कर दी गई है. साथ ही खाद्यान्न सामग्री भी पहुंचाई जा रही है. पहले दिन करीब 20 से 30 घोड़े-खच्चर सामग्री लेकर केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए, जिससे पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.

वहीं, डीएम विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. लोनिवि (लोक निर्माण विभाग) गुप्तकाशी पैदल रास्ते को दुरूस्त करने में जुटा हुआ है, जबकि धाम में बर्फ सफाई का कार्य जारी है. 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुलने हैं. ऐसे में 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया जाना जरूरी है. यात्रा से संबंधित सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है. पैदल रास्ते से बर्फ साफ कर घोड़े-खच्चरों से ढुलान भी शुरू हो गया है. मौसम अगर साफ रहा तो यात्रा तैयारियों को समय पर पूर्ण कर लिया जाएगा.

केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर बदरी-केदार मंदिर समिति ने कमर कस ली है. समिति की एक टीम धाम पहुंच गई है, जो मंदिर के सामने और आस-पास बर्फ सफाई के कार्य में जुट गई है. साथ ही बिजली व पानी व्यवस्था में जुट गई है.

बता दें कि ओंकारेश्वर मंदिर में भैरव पूजा के साथ बाबा केदारनाथ यात्रा का आगाज होगा. डोली 19 अप्रैल को शीतकालीन गद्दीस्थल से रवाना होकर 21 अप्रैल दोपहर तक धाम पहुंच जाएगी, जिसके बाद 22 अप्रैल की सुबह बाबा केदारनाथ के कपाट खोल दिए जाएंगे. ऐसे में यात्रा तैयारियों को लेकर बदरी-केदार मंदिर समिति ने भी कमर कस ली है.

बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती के नेतृत्व में धाम पहुंची टीम इन दिनों मंदिर प्रांगण में बर्फ सफाई के कार्य में जुटी हुई है, जबकि भवनों में बिजली और पानी की व्यवस्थाएं भी दुरूस्त की जा रही है. मंदिर समिति का दावा है कि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. धाम में व्यवस्थाओ को बनाने में जिला प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *