50 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

दुनिया की सबसे गर्म जगहों की लिस्ट में भारत के 20 शहर
नई दिल्ली। देश में इस बार गर्मी का विकराल रूप देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और सामान्य से अधिक गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस सप्ताह महाराष्ट्र के कई जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। विदर्भ क्षेत्र का अकोला लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। इसके अलावा अमरावती, वर्धा और नागपुर भी शीर्ष गर्म शहरों की सूची में हैं। देश के कई हिस्सों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हीटवेव और अधिक तीव्र हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, 2026 में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है। मार्च से मई के बीच हीटवेव की घटनाएं बढ़ सकती हैं और तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है। चरम स्थिति में कुछ क्षेत्रों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। वैश्विक तापमान की बात करें तो चीन के युन्नान प्रांत का जिंगहोंग 37 डिग्री सेल्सियस के साथ सूची में सबसे ऊपर रहा, जबकि ओडिशा के बलांगीर में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

भारत और आसपास के कई शहरों में भी 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज किया गया। इनमें महाराष्ट्र का चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ का रायपुर और बिलासपुर, बिहार का सासाराम, उत्तर प्रदेश का मुगलसराय और वाराणसी, तथा तेलंगाना के कई शहर शामिल हैं। इसके अलावा थाईलैंड, वियतनाम और भारत के विभिन्न हिस्सों में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो बढ़ती गर्मी का संकेत है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *