गंगोत्री, यमुनोत्री के कपाट खुले

पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा
देहरादून: उत्तराखंड में आज से चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है. आज सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट खुले. जिसके साक्षी खुद उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी बने. इसके बाद 12.35 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खुले. उत्तरकाशी जिले में स्थित इन दोनों में ही सबसे पहले पीएम मोदी के नाम से पूजा करवाई गई. पहली पूजा में देश के कल्याण, सुख शांति का कामना की गई.

चारधाम यात्रा का आगाज होने पर उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देशवासियों का स्वागत किया है. सीएम धामी ने सभी से चारधाम यात्रा में आने की अपील की है. सीएम धामी ने कहा उनकी सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाये हैं.

उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में पीएम मोदी के नाम की पहली पूजा होने को गौरव का विषय बनाया. सीएम धामी ने कहा पीएम मोदी का उत्तराखंड से बड़ा लगाव है. उन्होंने कहा पीएम मोदी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर अपडेट लेते रहते हैं. उन्होंने कहा आने वाले दिनों में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट भी खुलने वाले हैं. इसके बाद प्रदेश में चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो जाएगी. इसके बाद देवभूमि उत्तराखंड में आस्था की गंगा बहेगी.

चारधाम यात्रा के दौरान भक्तों की किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने सभी तैयारियां रखी हैं. पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं. धामों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बीते कई दिनों से खुद चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं.

गंगोत्री व यमुनोत्री धाम यात्रा को दो सुपरजोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में बांटकर सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारियों को नियुक्त किया गया है. यात्रा मार्गों पर 6 थाने, 9 रिपोर्टिंग पुलिस चौकी, 1 वाच एंड वार्ड और 13 सीजनल चौकियां हैं. साथ ही 12 पर्यटन पुलिस चौकियां बनाई गई हैं.

यात्रियों की सुविधा के लिये गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में एक-एक खोया पाया केंद्र बनाए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से छह विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है. इनमें जानकीचट्टी में दो, बड़कोट में दो, गंगोत्री में एक, जिला अस्पताल में एक चिकित्सक तैनात रहेगा. गंगोत्री में एक मेडिकिल ऑफिसर, जानकीचट्टी और यमुनोत्री में कुल सात मेडिकल आफिसर रहेंगे तैनात. गंगोत्री में दस और यमुनोत्री और जानकीचट्टी में 24 स्वास्थ्य मित्र रखे गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *