चार मंज़िला इमारत में भीषण आग, 9 की मौत, दर्जनों घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा ज़िले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंज़िला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस घटना में 9 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है तो वही दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे है. बचाव कार्य जारी है.

दरअसल, फायर कंट्रोल रूम को सुबह 3:48 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल विभाग की 14 गाड़ियां भेजी गईं. कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.

दमकल कर्मियों और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मिलकर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया. अब तक करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, अब तक मलबे से चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.

डीसीपी शाहदरा आर पी मीणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, पुलिस और अन्य प्रशासनिक एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. उन्होंने कहा कि प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को जल्द से जल्द इलाज उपलब्ध कराना है.आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है. जांच एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग बहुत तेजी से फैली, जिससे लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. प्रशासन ने आसपास के इलाकों को एहतियातन खाली करवा लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और आशंका है कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *