चंपावत: उत्तराखंड में वन्य जीवों का खौफ बढ़ता जा रहा है. एक ओर वन्यजीव घरों तक पहुंच रहे हैं तो कई बार सड़कों में घूमते दिख रहे हैं. चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक में कई गुलदार एक साथ दिखने से लोग डरे हुए हैं. डोबाभागू अतखंडी सड़क मार्ग में एक साथ चार गुलदार दिखाई दिए हैं.
चार गुलदारों की एक साथ चहलकदमी का वीडियो वायरल होने के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. पूर्व में गुलदार के हमलों से जहां लोग प्रभावित रहे, वहीं अब एक स्थान पर एक साथ चार-चार गुलदार दिखने से ग्रामीणों एवं स्कूल जाने वाले बच्चों को खतरा हो गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने बाराकोट इलाके में वन्य जीवों से सुरक्षा के लिए प्रशासन से मांग की है.
चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक की डोबाभागू अतखंडी सड़क पर चार गुलदार एक साथ चहल कदमी करते नजर आए. इससे इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल है. पिछले कुछ समय में गुलदार के हमले की घटनाओं को देखते हुए अब भय का माहौल है. गांव की सड़क पर गुलदारों को चहलकदमी करते पूर्व प्रधान प्रतिनिधि दीपक तिवारी और अन्य युवाओं के द्वारा देखा गया.
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निर्मल कुमार और दीपक तिवारी ने बताया कि डोबाभागू अतखंडी सड़क मे तड़ीगांव में चार गुलदार चहल कदमी करते हुए नजर आए हैं. इनका युवाओं के द्वारा वीडियो भी बनाया गया है. उन्होंने बताया कि एक साथ चार-चार गुलदारों के दिखने से गांव में दहशत फैल गई है. उन्होंने बताया चार गुलदारों के अलावा ग्रामीणों के द्वारा दो अन्य गुलदार भी क्षेत्र में देखे गए हैं.
निर्मल कुमार ने कहा इतनी बड़ी तादात में क्षेत्र में गुलदारों का होना खतरे से खाली नहीं है. गुलदार कभी भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं. गुलदार स्कूली बच्चों व महिलाओं के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं. ग्रामीणों ने कहा डोबाभागू में चिड़ियाघर जैसे हालात पैदा हो गए हैं. ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निर्मल कुमार व दीपक तिवारी सहित ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से ग्रामीणों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है. मांग करने में गोविंद तिवारी, बल्लू तिवारी, रमेश राम, जगदीश तिवारी, कुंदन राम, रमेश राम, मनोज कुमार आदि ग्रामीण मौजूद रहे.

