पीएम-ई बस योजना को मिलेगी रफ्तार

देहरादून। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को जल्द सुदृढ़ बनाया जाएगा। देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड की बैठक में पीएम-ई बस योजना के तहत सिविल और विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों को अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया।

सचिवालय में बुधवार को सचिव परिवहन बीके संत की अध्यक्षता में देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड की बैठक हुई। बैठक में शहरी परिवहन को आधुनिक और सुलभ बनाने पर जोर दिया गया।निर्णय लिया गया कि योजना के तहत चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा समयबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के संचालन को और प्रभावी बनाने के लिए कार्मिकों की नियुक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से करने का फैसला लिया गया। बस परिचालकों (कंडक्टर) की व्यवस्था भी एजेंसी के जरिए आउटसोर्स की जाएगी।

बैठक में पीएम-ई बसों के संचालन से संबंधित मार्ग, स्टापेज, समय-सारिणी और किराया निर्धारण के लिए मार्ग सर्वे रिपोर्ट की समीक्षा करने का भी निर्णय लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सर्वे के आधार पर यातायात की मांग और शहर की जरूरतों के अनुरूप रूट प्लान तैयार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *