तेहरान: ईरान और अमेरिका मध्य पूर्व में युद्ध खत्म करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए एक समझौते पर पहुंचने के करीब हैं। एक्सियोस ने सबसे पहले अमेरिकी अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि वाइट हाउस का मानना है कि वे युद्ध खत्म करने के लिए एक-पृष्ठ के ज्ञापन पर पहुंचने के करीब हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच बहुत हद तक सहमति बन गई है। रॉयटर्स ने एक सूत्र का हवाला देते हुए बताया कि ईरान और अमेरिका अब युद्ध खत्म करने के लिए 14-बिंदुओं वाले समझौता ज्ञापन (MoU) पर पहुंचने के करीब हैं।
एक्सियोस ने अमेरिका और ईरान के उच्च-रैंकिंग अधिकारियों के बीच बातचीत के दौर से गुजर रहे MoU के बारे में जानकारी साझा की। इन 14 प्वाइंट एमओयू में ज्यादातर महत्वपूर्ण बातों को कवर किया गया है जिनमें ईरान को परमाणु बम बनाने का सपना छोड़ना होगा। वहीं अमेरिका उसके फ्रीज किए गये अरबों डॉलर भी लौटाएगा। ईरान को होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से खोलना होगा और अमेरिका भी अपने सैनिकों को धीरे धीरे होर्मुज स्ट्रेट से बाहर कर लेगा।
वहीं रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भविष्यवाणी की है कि ईरान में युद्ध जल्दी ही खत्म हो जाएगा क्योंकि वह होर्मुज जलडमरूमध्य और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बनी गतिरोध की स्थिति को खत्म करने के लिए एक समझौते की तलाश में हैं।
जॉर्जिया के रिपब्लिकन गवर्नर पद के उम्मीदवार बर्ट जोन्स के लिए आयोजित एक टेली-रैली में ट्रंप ने कहा “जब आप देखते हैं कि किस तरह की चीजें हो रही हैं तो हम ऐसा एक बहुत ही महत्वपूर्ण कारण से कर रहे हैं। हम उन्हें परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दे सकते। इसलिए मुझे लगता है कि ज्यादातर लोग इस बात को समझते हैं। वे समझते हैं कि हम जो कर रहे हैं वह सही है और यह जल्दी ही खत्म हो जाएगा।”

