नर्सिंग बेरोजगारों का उग्र प्रदर्शन

देहरादून। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर आंदोलनरत नर्सिंग बेरोजगारों का विरोध सोमवार को और उग्र हो गया। सुबह करीब पांच बजे कविता, विनोद समेत चार नर्सिंग बेरोजगार परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।उनके समर्थन में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी टंकी पर चढ़ गईं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक सरकार मांगों पर सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे।

नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले एकता विहार में नर्सिंग बेरोजगारों का धरना 158वें दिन और अनशन 23वें दिन भी जारी रहा। सुबह चार नर्सिंग बेरोजगारों और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

वहीं, बड़ी संख्या में अन्य नर्सिंग बेरोजगार भी परेड ग्राउंड के पास धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से धरना और अनशन के बावजूद सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। कई साथियों की तबीयत बिगड़ने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। नर्सिंग बेरोजगारों ने मांग उठाई कि नियमावली को स्थायी रूप से वर्षवार लागू किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमितता बनी रहे।साथ ही आइपीएचएस मानकों के अनुसार पूर्व की भांति 2000 पदों पर वर्षवार भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *