राजनगरम: आंध्र प्रदेश में 24 घंटे के अंदर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि प्रकाशम जिले में एक लॉरी के ऑटो-रिक्शा से टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पूर्वी गोदावरी जिले में टायर पंचर होने के बाद एक वाहन के पलटने से तीन अन्य लोगों की जान चली गई.
पूर्वी गोदावरी जिले के रंगमपेटा मंडल में मंगलवार तड़के वदिशलेरु और रंगमपेटा के बीच टायर पंचर होने के बाद टाटा ऐस वाहन के अचानक पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए. यह हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब काकीनाडा जिले के समरलाकोटा और पिथापुरम मंडल के मल्लाम और जल्लुरु गांवों के 11 लोग बापटला जिले के कोल्लुरु इलाके से घर लौट रहे थे, जहां वे निर्माण कार्य में लगे हुए थे.
हादसे के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. मृतकों की पहचान समरलाकोटा के निवासी मसाकापल्ली बाबू, मुरमारला राजू और काकाडा राजू के रूप में हुई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘उनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना का असर बहुत गंभीर था क्योंकि वाहन में ले जाए जा रहे सीमेंट के स्लैब उन पर गिर गए.’
घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा से पेड्डापुरम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जबकि पीड़ितों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनापर्थी के सरकारी अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच थी. इस हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया और दुर्घटना की आगे की जांच चल रही है.एक अन्य घटना में सोमवार सुबह प्रकाशम जिले के संतामागुलुरु मंडल में वेल्लालाचेरुवु के पास एक लॉरी के ऑटो-रिक्शा से टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए.
पुलिस के अनुसार पलनाडू जिले के सावल्यापुरम मंडल के वेलपुरु गांव के दस रिश्तेदार एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार के दसवें दिन की रस्मों में शामिल होने के लिए नादेंदला मंडल के संक्रांतिपाडु जा रहे थे, तभी वेल्लालाचेरुवु के पास हाईवे पर ग्रेनाइट फैक्ट्री की एक लॉरी ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी. पुलिस ने कहा कि दो पीड़ितों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
सांतामागुलुरु के उप-निरीक्षक एम पट्टाभिरामय्या ने बताया, ‘दावुलुरी येदुकोंडालु (60) और एम. रामनम्मा (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यालावर्ती सुब्बायम्मा (56) ने नरसरावपेट के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.’घायलों की पहचान गुट्टा सुब्बायम्मा, एम वेंकटरामय्या, एम सुब्बायम्मा, बोयापति लक्ष्मीदेवी, बी अनुराधा और ऑटो-रिक्शा चालक मीरावली के रूप में हुई. उन्हें नरसरावपेट के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया. एक अन्य यात्री चिन्ना योगम्मा मामूली चोटें आई.
