2 करोड़ 64 लाख पहुंचा कांवड़ियों का आंकड़ा

हरिद्वार: हरिद्वार में कांवड़ मेला चरम सीमा पर चल रहा है. सबसे पहले डाक कांवड़ वाहनों को हरिद्वार के बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जा रहा है. हरिद्वार के डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर देर रात बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत की और फीडबैक भी लिया. हरियाणा से आए कांवड़ियों के बीच जब दोनों अधिकारी पहुंचे तो उन्होंने पार्किंग व्यवस्था की सराहना की. इतना ही नहीं कांवड़ियों ने दोनों अधिकारियों को चाय और नमकीन खिलाई. वहीं शुक्रवार सायं तक कांवड़ियों का आंकड़ा 2 करोड़ 64 लाख पहुंच गया है.

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ियों से पूछा कि रात को खाने में क्या बना रहे हो भोले, तो कांवड़ियों ने बताया कि मटर पनीर और चावल. पुलिस कप्तान ने मजाक में कहा कि फिर तो हम भी यहीं पर ही कुर्सी डाल लें भोले. इसके बाद कांवड़ियों ने बताया कि वो डाक कांवड़ लेकर आए हैं और गंगाजल भरकर अपने गंतव्यों को रवाना होंगे. डीएम एसएसपी ने कांवड़ियों को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत हो तो, लोकल पुलिस को सूचना दें. शांतिपूर्ण तरीके से अपनी कांवड़ यात्रा पूर्ण करें और किसी प्रकार का हुड़दंग न मचाएं.

वहीं कांवड़ मेले के दौरान जनपद में आने वाले शिवभक्त कांवड़ यात्रियों के स्वागत एवं उनकी सुविधा के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर रंगीन लाइटें लगाई गई है. डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में नारसन बॉर्डर प्रवेश द्वार से राष्ट्रीय राजमार्ग तक आकर्षक रंगीन एलईडी लाइटें लगाई गई हैं, जिससे संपूर्ण मार्ग भव्य एवं आकर्षक दिखाई दे रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख कांवड़ मार्गों, सभी पार्किंग स्थलों, शिविर क्षेत्रों तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर समुचित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

रात्रिकालीन आवागमन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है. इसी क्रम में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक हरिद्वार कांवड़ मेले में शुक्रवार शाम तक आने वाले कांवड़ियों की तादाद ढाई करोड़ पार कर गई है. शाम गंगा आरती तक 2 करोड़, 64 लाख और 08 हजार कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों को रवाना हो चुके हैं. अभी डाक कांवड़ वाहनों का आगमन शुरू हो गया है. दोपहिया वाहनों से भी कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं. महाशिवरात्रि तक यह आंकड़ा बढ़ता जाएगा. उम्मीद है कि कि इस बार कांवड़ मेले में कांवड़ियों की संख्या का रिकॉर्ड टूटेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *