सितंबर में मोदी मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल संभव

नई दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम के गठन के बाद अब पार्टी सूत्रों की मानें तो मोदी सरकार में सितंबर महीने में मंत्रिमंडल विस्तार और बड़े फेरबदल की तैयारियां तेज हो गई हैं. सूत्रों के अनुसार, जल्दी ही सरकार में बड़ा बदलाव हो सकता है. करीब दो दर्जन से ज्यादा मंत्रियों के या तो मंत्रालय बदले जा सकते हैं या कुछ को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है.

वहीं, सरकार के सूत्रों के मुताबिक नरेंद्र मोदी सरकार 2 अक्टूबर को एक महत्वाकांक्षी योजना की भी घोषणा कर सकती है जो आने वाले दिनों में मील का पत्थर साबित हो सकती है.भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम और चुनावी राज्यों के प्रभारियों की घोषणा के बाद अब बारी पार्टी के सबसे बड़े निर्णायक मंडल संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति की घोषणा की है. इसके साथ ही मोदी कैबिनेट और मंत्रिमंडल में भी बदलाव की सुगबुगाहट शुरू गई है और पार्टी के अंदर इस बात को लेकर काफी मंथन चल रहा है.

सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधी जयंती के दिन एक बहुत बड़ी महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करेंगे. सूत्रों के मुताबिक इसे लेकर पार्टी को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि 2 अक्टूबर से पहले पार्टी के अंदर जो बदलाव होने हैं उसे पूरा कर लिया जाए और यही वजह है कि भाजपा अध्यक्ष ने नए पदाधिकारियों का परिचय कराने संबंधी बैठक 22 अगस्त को रखी है.

सूत्रों के मुताबिक, जिस तरह प्रधानमंत्री की सबसे महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन 2 अक्टूबर 2014 को लॉन्च हुई थी, ठीक उसी तर्ज पर इस साल 2 अक्टूबर को केंद्र सरकार फ्री ऑनलाइन कोचिंग योजना शुरू करने पर विचार चल रहा है. यह योजना NEET और JEE की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराएगी और इसे पार्टी जैकपॉट की तरह देख रही है.

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से इसके बारे में औपचारिक घोषणा करने के बाद इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया से संबंधित करवाई शुरू कर दी गई है.पार्टी सूत्रों की मानें तो वर्तमान शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और शिक्षा मंत्रालय को इसकी तैयारी के निर्देश दिए गए हैं और इस संबंध में बैठकें भी हो चुकी हैं.

वहीं, पार्टी की सबसे शक्तिशाली संस्था संसदीय बोर्ड को लेकर फैसला अभी अटका हुआ है. योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस और हिमंता बिस्वा सरमा जैसे नाम को लेकर भी चर्चा है. सूत्रों के मुताबिक 2 अक्टूबर तक मोदी सरकार नई ऊर्जा और नए चेहरों के साथ देखने को मिल सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *