एशियन स्केटिंग ट्रॉफी मेडल टैली में टॉप पर भारत

देहरादून: हिमाद्रि आइस रिंक में चल रही एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के दूसरे दिन भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत को मेडल टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया है. 14 देशों के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में पोडियम फिनिश हासिल की. होम आइस पर भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास साफ नजर आया, वहीं अलग-अलग देशों से आए खिलाड़ियों ने भी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया. दर्शकों की जोरदार हूटिंग और तालियों के बीच कई रेस में आखिरी सेकेंड तक रोमांच बना रहा.

दूसरे दिन भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही. जूनियर एफ गर्ल्स 222 मीटर रेस में भारत ने तीनों मेडल अपने नाम कर लिए. जीएस ब्राडिशा ने 28.91 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि समायरा त्यागी ने 29.34 सेकेंड के समय के साथ सिल्वर और अमायरा शाह ने 30.02 सेकेंड में रेस पूरी कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इस तरह पूरे पोडियम पर भारतीय तिरंगा नजर आया.

इसके बाद जूनियर एफ बॉयज 222 मीटर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने क्लीन स्वीप किया. इवान अरोड़ा ने 25.15 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि महज 0.04 सेकेंड के अंतर से युवराज मेहता 25.19 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे. शिवांश आहेर ने 26.74 सेकेंड में रेस पूरी कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. यानी जूनियर एफ की दोनों स्पर्धाओं में भारत ने छह में से छह मेडल अपने नाम कर लिए.

जूनियर ई बॉयज 333 मीटर में भी भारत को गोल्ड मिला. आर्यन सुजीत बाविस्कर ने 35.47 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया. आर्यन के लिए यह प्रतियोगिता का लगातार दूसरा गोल्ड रहा, क्योंकि उन्होंने पहले दिन भी जूनियर ई बॉयज 500 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था. मंगोलिया के Batbayar Erdenebulgan ने 35.56 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि भारत के राघव चौधरी ने 37.39 सेकेंड में रेस पूरी कर ब्रॉन्ज अपने नाम किया.

वहीं जूनियर सी बॉयज 1000 मीटर में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया. सिद्धांत मांजरे ने 1 मिनट 40.79 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि भारत के ही यश परिजात जमदार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इस स्पर्धा में उज्बेकिस्तान के Makhmudov Alisher ने सिल्वर मेडल जीता.

दूसरे दिन चीन के खिलाड़ियों ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. जूनियर ई गर्ल्स 333 मीटर में चीन ने तीनों मेडल अपने नाम किए. Ruilin Yang ने गोल्ड, Yunni Shen ने सिल्वर और Kaixin Xiao ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. वहीं जूनियर डी गर्ल्स 777 मीटर में भी चीन की खिलाड़ियों ने पोडियम पर कब्जा जमाया. Lingyu Yang ने गोल्ड, Li Wenxi ने सिल्वर और Liu Chenxi ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.

जूनियर डी बॉयज 777 मीटर में भी चीन का दबदबा देखने को मिला. Tang Shengije ने गोल्ड और Wei Xiheng ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि हांगकांग के Wan Jin Kiu ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. इन नतीजों ने साफ कर दिया कि चीन की जूनियर टीम भी इस प्रतियोगिता में बेहद मजबूत दावेदारी पेश कर रही है.

जूनियर वर्ग के अलावा सीनियर खिलाड़ियों के बीच भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे. सीनियर महिला 1500 मीटर में थाईलैंड की Chatthaisong Thanutchaya ने गोल्ड मेडल जीता, हांगकांग की Lam Ching Yan दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भारत की Sai Sahana ने 2 मिनट 57.223 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

सीनियर पुरुष 1500 मीटर में हांगकांग के Lou Zhanshuo ने पहला स्थान हासिल किया. हांगकांग के ही Kwok Tsz Fung ने सिल्वर, जबकि इंडोनेशिया के Firdaus Marva Kayana Putra ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. जूनियर ए और बी वर्ग में भी भारत के अलावा थाईलैंड, हांगकांग, चीनी ताइपे, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

दूसरे दिन रिले मुकाबलों ने भी दर्शकों का खासा मनोरंजन किया. रिले मिक्स्ड सी-डी 2000 मीटर में चीन की टीम ने गोल्ड मेडल जीता. थाईलैंड की टीम ने सिल्वर अपने नाम किया. वहीं मिक्स्ड टीम रिले 2000 मीटर में थाईलैंड ने गोल्ड, हांगकांग ने सिल्वर और चीनी ताइपे ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.

एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी के दूसरे दिन तक भारत ने अपने प्रदर्शन से मेडल टेबल में बढ़त बना ली है. घरेलू बर्फ पर भारतीय खिलाड़ियों ने रफ्तार और तकनीक के साथ जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने प्रतियोगिता के अंतिम चरण को और भी रोमांचक बना दिया है. भारत की ओर से जूनियर वर्ग में लगातार गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों ने खास तौर पर प्रभावित किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *