स्लीपर बस में लगी आग

नई दिल्ली/नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा हो गया. स्लीपर बस में भीषण आग लग गई. हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ तब बस में 35 लोग सवार थे. इनमें से कई लोग आग में बुरी तरह से झुलस गए. अब तक इस घटना में 9 लोगों की मौत हो चुकी है. फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बस में लगी आग को बुझाया.

जेवर पुलिस के अनुसार, इस दुखद घटना में एक महिला और 8 पुरुषों समेत 9 लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती टूरिस्ट बस में अचानक से आग लग गई. ये आग नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास लगी.आग लगी बस का दिल दहलाने वाला वीडियो भी सामने आया है. बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हालात ऐसे थे कि सवारियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.

वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात की और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *