देहरादून। उत्तराखंड में रविवार यानी आज से बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 2500 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। निचले इलाकों में बारिश ठंड में इजाफा कर सकती है। विभाग के अनुसार मौसम का यह मिजाज नववर्ष के आगमन तक बना रह सकता है। यानी कहा जा सकता है कि नए साल का स्वागत बर्फबारी के साथ होगा। पर्यटकों में भी इसको लेकर खासा उत्साह है। वे ऊंचाई वाले पर्यटक स्थलों का रुख कर रहे हैं।
शनिवार को मौसम सामान्य रहा। पहाड़ों में लोग गुनगुनी धूप का लुत्फ उठा रहे हैं। हालांकि, कुमाऊं के अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर में पारा शून्य के करीब है। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान 0.6 और ऊधमसिंहनगर में 0.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो चुका है। इस कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बर्फबारी को लेकर अगले तीन दिन यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही स्थानीय प्रशासन को पहाड़ों में सड़कों पर यातायात सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी है। अगले कुछ दिन प्रदेश के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।