आसमान से बरसेगी आग

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर से गर्मी सताने लगी है। दिल्लीवालों के लिए यह हफ्ता उम्मीद से अधिक गर्म रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिन की शुरुआत, यानी सुबह भी 29 से 30 डिग्री के साथ होने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचने के लिए तैयार रहना चाहिए। मौसम विभाग के अनुसार हालांकि लू की संभावना कम है, लेकिन स्थिति करीब करीब लू जैसी ही रहेगी।

सोमवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। इनमें पालम का अधिकतम तापमान 41.1, लोदी रोड का 40, रिज का 41.9, आया नगर का 40.7, गुरुग्राम का 40.1, जाफरपुर का 42, मंगेशपुर का 42.6, नजफगढ़ का 43.3, नोएडा का 40.7, पीतमपुरा का 42.8, पूसा का 42.2 और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 42.8 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 25 से 66 प्रतिशत रहा।

पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। तेज धूप खिलेगी। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है। 15 मई से तेज गर्म हवाएं चलेंगी। इनकी गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। यह गर्म और धूल उड़ाने वाली होंगी। 15 से 19 मई के बीच अधिकतम तापमान 42 से 44 और न्यूनतम 27 से 30 डिग्री रहेगा। स्काईमेट के अनुसार बीते पांच दिनों से राजधानी का तापमान 40 डिग्री से कम बना हुआ था।

अब इसने 40 डिग्री को एक बार फिर पार कर लिया है। अब गर्मी लगातार बढ़ेगी। इस हफ्ते गर्मी काफी तेजी से बढ़ेगी। मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। मई में दिल्ली सहित उत्तर भारत में प्री-मॉनसून गतिविधियां सबसे अधिक होती हैं।

वहीं लू भी चलती है। 17 मई को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस आएगा लेकिन यह काफी कमजोर होगा। इसका दिल्ली पर अधिक असर नहीं पड़ेगा। बादल छा सकते हैं लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। इस पूरे हफ्ते तापमान 40 डिग्री से अधिक रहेगा। अगले दो दिनों में यह 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ में तेज और गर्म सतही हवाएं चलेंगी। इससे हालात लू जैसे बन जाएंगे।

प्रदूषण सोमवार को एक बार फिर खराब स्थिति में रहा। पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक यह सामान्य से खराब स्तर के बीच बना रहेगा। इस समय प्रदूषण की मुख्य वजह धूल, गर्मी और गाड़ियों के धुएं को बताया जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के एयर बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का औसत AQI 227 रहा।

फरीदाबाद में यह 287, गाजियाबाद में 206, ग्रेटर नोएडा में 248, गुरुग्राम में 184 और नोएडा में 185 रहा। शादीपुर का AQI 310 रहा। 26 जगहों पर यह खराब और 9 जगहों पर सामान्य रहा। पूर्वानुमान के अनुसार 14 से 15 मई के बीच प्रदूषण सामान्य स्थिति में रहेगा। 16 मई को यह एक बार फिर खराब स्तर पर आ जाएगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह सामान्य से खराब बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *