खिली- खिली धूप के बाद वेलेंटाइन डे पर बरसेंगे बदरा!

नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो तीन से जिस तरह से धूप निकल रही है उससे मौसम बिल्कुल खुल गया है। पिछले कुछ दिन से भले ही कोहरा कम हुआ है लेकिन ठंड अभी बाकी है। इसकी वजह पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं हैं। ठंडी हवाओं ने धूप की गर्माहट को कुछ कम किया है।

इसके बावजूद मौसम खुशनुमा बना हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि यह धूप महज कुछ दिन की मेहमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में अगले 4 से 5 दिन के भीतर बारिश हो सकती है। बारिश के बाद न्यूनतम पारे में फिर से कमी आ सकती है। ऐसे में सर्दी के अभी तक पूरी तरह से विदाई का समय नहीं आया है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान साफ रहने और दिन में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन के अनुसार अगले चार दिन 9 फरवरी से 12 फरवरी तरफ आसमान आमतौर पर साफ रहेगा।

हालांकि, सुबह में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। 13 फरवरी को हल्के बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने दिल्ली में 13 और 14 फरवरी को बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के कई इलाकों में 14 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी से लेकर बारिश हो सकती है।

शहर में अब सर्दी से राहत रहेगी। हवाएं थोड़ी परेशान कर सकती हैं। इसके अलावा सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 7 और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। मौसम जानकारों के मुताबिक आज (शुक्रवार) और कल (शनिवार) अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा।

14 फरवरी तक न्यूनतम तापमान में 4 और अधिकतम में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन शहर का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (एक्यूआई) येलो जोन में दर्ज हुआ। नोएडा का एक्यूआई 127 और ग्रेनो का 149 दर्ज हुआ।

जिले में गुरुवार सुबह से ही धूप खिली रही और मौसम पिछले हफ्ते की अपेक्षा काफी बेहतर रहा। हालांकि तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को इस धूप का आनंद लेने नहीं दिया लेकिन धूप निकलने से गलन कुछ कम हुई है। मौसम में ठंड का प्रभाव छाया रहा।

अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई और यह बुधवार की अपेक्षा 0.2 डिग्री गिरकर 18.8 डिग्री हो गया। वहीं 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी री के साथ न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले हफ्ते में मौसम साफ रहेगा और धूप इसी तरह खिली रहेगी।

जिले में गुरुवार को मौसम पूरी तरह से साफ रहा। सुबह से तेज धूप निकल आई, जिससे दिन के तापमान में वृद्धि बनी रही। तेज हवाएं चलने के कारण सुबह व शाम के तापमान में हल्की गिरावट बनी हुई है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार गुरुवार को फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री व अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरुवार को सुबह के समय तेज हवाएं चल रही थी। दो दिन से चल रही इन तेज हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई थी, लेकिन अब हवा थम गई है। इससे आने वाले दिनों के दौरान तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। गुरुवार को सुबह से करीब 23 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से सर्द हवा चल रही थी। जिसकी वजह से धूप भी बेअसर साबित हो रही थी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक दो दिन तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

हवा की रफ्तार कम हो जाएगी। धूप भी खिलेगी। लेकिन अभी आने वाले कुछ दिन तक आसमान में बादल भी छाए रहेंगे। गुरुवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *