नाव डूबी, महिलाओं और बच्चों समेत 61 प्रवासी समुद्र में डूबे

त्रिपोली: लीबिया के समुद्र तट पर प्रवासियों से एक भरी नाव डूब जाने से 61 लोग समुद्र में डूब गए हैं। जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने अपने बयान में कहा है कि नाव पर करीब 86 लोग सवार थे।

लीबिया के पास एक दुखद दुर्घटना के बाद बच निकले लोगों ने ये जानकारी दी है। ये सभी यूरोप जाने की कोशिश में थे। समुद्र में डूबे लोगों में से ज्यादातर की मौत हो जाने का अंदेशा है। संगठन ने कहा कि आईओएम टीम ने बचे हुए लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान की है और ये सभी लोग अच्छी स्थिति में हैं।

इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन ने कहा है कि यूरोप पहुंचने की कोशिश में राजधानी त्रिपोली से करीब 120 किलोमीटर पश्चिम में पश्चिमी लीबिया के शहर जवारा के तट पर 61 प्रवासी समुद्र में डूब गए हैं। आईओएम ने कहा है कि केंद्रीय भूमध्य सागर दुनिया के सबसे खतरनाक प्रवास मार्गों में से एक बना हुआ है। इस साल अब तक कुल 15,383 अवैध प्रवासियों को बचाकर लीबिया लौटाया गया है।

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के अनुसार, इस वर्ष ट्यूनीशिया और लीबिया से 153,000 से अधिक शरणार्थी और शरण चाहने वाले इटली पहुंचे। लीबिया और ट्यूनीशिया शरणार्थियों और शरण चाहने वालों के लिए प्रमुख प्रस्थान बिंदु हैं जो इटली के रास्ते यूरोप पहुंचने की उम्मीद में खतरनाक समुद्री यात्राओं का जोखिम उठाते हैं। आईओएम के प्रवक्ता फ्लेवियो डि जियाकोमो ने एक्स पर लिखा था कि इस साल मध्य भूमध्यसागरीय प्रवासी मार्ग पर 2,250 से अधिक लोग मारे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *