‘पेपर चोर, वोट चोर-गद्दी छोड़’

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) पेपर लीक प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया। लेकिन पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की हुई। कांग्रेसी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और जमकर प्रदर्शन किया।

हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व प्रीतम सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। उन्हें पुलिस लाइन ले जाकर रिहा कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगार युवाओं से धोखा कर रही है। भर्तियां बंद हैं और जो परीक्षाएं होती भी हैं, उनके पेपर खुलेआम नीलाम हो जाते हैं।

इन्हें नीलाम करने वाले भी कहीं ना कहीं भाजपा से ही जुड़े लोग हैं। उन्होंने मांग उठाई कि पेपर लीक की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआइ से कराई जाए, लीक परीक्षा को रद कर नई तिथि घोषित की जाए और यूकेएसएसएससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को बर्खास्त किया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बेरोजगारों का धरना भले ही स्थगित हो गया हो, लेकिन पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश है। इसी गुस्से को आवाज देने के लिए कांग्रेस को सड़कों पर उतरना पड़ा है।

पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अब पेपर चोरी का कारोबार फल-फूल रहा है। प्रीतम सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से लेकर रोजगार तक हर मोर्चे पर सरकार विफल हो गई है। अब इस सरकार को गद्दी से उतार कर ही राज्य के हर वर्ग का भला हो सकता है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि आठ दिन के आंदोलन और मुख्यमंत्री आवास कूच के एलान से भाजपा में घबराहट है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को बरगलाने के लिए सीबीआइ जांच की संस्तुति तो कर दी, लेकिन अभी तक न जांच का कुछ अता-पता है और न ही पेपर रद किया गया।

इस दौरान विधायक काजी निजामुद्दीन, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी,विधायक आदेश चौहान, लखपत बुटोला, रवि बहादुर, वीरेंद्र जाती, आदेश चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रदीप जोशी, पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी, आइटी विभाग अध्यक्ष विकास नेगी, वीरेंद्र पोखरियाल, सरदार अमरजीत सिंह,जगदीश धीमान, ओम प्रकाश सती, अर्जुन सोनकर, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, राजेश पुंडीर,सुमित खन्ना,मानवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *