गाजा में अब होगा गृहयुद्ध

तेल अवीव: अमेरिका की मध्यस्थता वाले युद्धविराम के लागू होने के बाद से इजरायली सेना ने भले ही हमले रोक दिए हैं, लेकिन पट्टी में शांति अभी दूर नजर आ रही है। इस बीच गाजा में एक नया खतरा मंडरा रहा है। ये खतरा है गृह युद्ध का, जो हमास की वापसी के साथ अचानक से बढ़ गया है। सोमवार को हमास ने गाजा सिटी में 8 गाजावासियों की हत्य कर दी। इन सभी पर इजरायल के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया गया। मारे जाने का वीडियो बनाया गया और उसे ऑनलाइन जारी किया गया। इन हत्याओं ने गाजा को लेकर नए खतरे की आशंका जाहिर की जाने लगी है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हमास अब गाजावासियों को यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि युद्ध दौरान भारी नुकसान के बावजूद को वह गाजा में प्रमुख ताकत है। कतर स्थित एक फिलिस्तीनी विश्लेषक तामेर कर्मौत ने कहा, ‘हमास एक संदेश भेज रहा है- हम यहां हैं। हम अभी भी गाजा में सत्ता पर काबिज हैं।’ इसने गाजा में हिंसा की नई लहर को जन्म दिया है।

सोमवार से गाजा में हिंसक झड़पों में कम से कम 10 हमास लड़ाके और प्रतिद्वंद्वी कबीलों या मिलिशिया के 20 सदस्य मारे गए हैं। हमास के सशस्त्र लड़ाके सार्वजनिक स्थानों पर नजर आने लगे हैं। इस दौरान वे यातायात को नियंत्रित करने के साथ ही विरोधी कबीलों के सदस्यों की पहचान करने और उनके घरों पर छापेमारी भी कर रहे हैं। हाल ही में इसने दुगमुश कबीले पर हमला किया है। झड़पों के बाद दर्जनों शवों को शिफा अस्पताल ले जाया गया।

हमास के प्रतिद्वंद्वियों से टकराव ने गृहयुद्ध की आशंकाओं को बढ़ा दिया है। हमास विरोधी सशस्त्र समूह के 21 वर्षीय नेता मुहम्मद अल-मंशी ने मीडिया से कहा कि अगर हमास हम पर हमला करता है तो हम हर तरह से अपनी रक्षा करेंगे। हम मरना पसंद करेंगे लेकिन आत्मसमर्पण नहीं करेंगे।वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हमास मुख्य रूप से गाजा सिटी और दीर अल-बलाह में प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाना रहा है। हमास प्रतिद्वंद्वी गिरोहों को खतरा मानता है। समूह अपना प्रभुत्व स्थापित करने के लिए ताकत का इस्तेमाल कर रहा है।

फिलिस्तीनी समाज में सदियों से पारिवारिक कबीले मौजूद रहे हैं। हाल के दशकों में ये कबीले फिलिस्तीनी राजनीति में अहम भूमिका निभाने लगे हैं। दरअसल, ये कबीले गाजा के विभिन्न हिस्सों में फैले पारिवारिक समूह हैं। इनमें सबसे बड़े और सबसे ज्यादा हथियारों से लैस कबीलों में एक गाजा सिटी में दुगमुश कबीला है, जिसका मुखिया मुमताज दुगमुश है।

अल-मजयदा कबीलाभी खान यूनिस के एक हिस्से पर अपना दबदबा रखता है। हमास बलों ने इस महीने की शुरुआत में उनके इलाके में छापा मारा था, जिसमें कई परिवार के सदस्य मारे गए थे। हालांकि, इस हफ्ते कबीले ने गाजा पर कब्जा करने के हमास के प्रयास का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया। हमास के सदस्य भी कबीलों से ताल्लुक रखते हैं और कई बार कबीलों की वफादारी आंदोलन की वफादारी से ज्यादा हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *