नेपाल में दर्दनाक हादसा, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 12 घायल

नेपाल : नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कर जनकपुरी लौट रहे शहर से सटते गांव महूकलां के यात्रियों की बस बुधवार रात करीब डेढ़ बजे चूरियामई के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इसमें छह जनों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित 12 जने घायल हो गए। मृतकों में दो वृद्ध दम्पती तथा दो महिला शामिल हैं। घायलों का हटोंदा तथा भरतपुर जिले में उपचार जारी है। वहीं सूचना मिलते ही परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।

मृतकों में महूकलां की अमित कॉलोनी निवासी वैजयंती देवी (67), सत्यवती (66), दम्पती बहादुर सिंह (62) व मीरा देवी (60) तथा राजेन्द्र चतुर्वेदी (66)व उनकी पत्नी श्रीकांता देवी (58) शामिल हैं। यह सभी लोग 19 अगस्त की रात को डेढ़ बजे ट्रेन से दिल्ली तथा वहां से काठमांडू फ्लाइट से गए थे। वहां से बस से लौट रहे थे। इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से शव व घायलों को गंगापुरसिटी लाने की व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।

घायलों में सुरेश चतुर्वेदी, रामकुमार, श्यामलाल सैनी, हाराबाई, चौथी देवी, तारा देवी, अनिल कुमार, माया देवी, घनश्याम, रामप्रसाद तथा बच्चे गर्विता व कृतिका चतुर्वेदी शामिल हैं।सभी मृतक व घायल एक ही कॉलोनी के निवासी हैं। इस कारण कॉलोनी में सन्नाटा पसरा है। लोग घायलों से फोन पर बात कर जानकारी ले रहे हैं। मृतकों के घर के बाहर भी कोई नहीं जा रहा है। वहीं पूरी कॉलोनी में शोक की लहर है। अब सभी को शवों का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *