मानसून के 50 दिन, बारिश का कोटा पूरा

नई दिल्ली: देश में मानसून को 50 दिन पूरे हो चुके हैं। अब जाकर मानसून ‘नॉर्मल’ हुआ है। 1 जून से 18 जुलाई तक 321.8 मिमी बारिश हुई, जबकि औसत 323.1 मिमी है। हालांकि, जिन दक्षिणी राज्यों से मानसून ने एंट्री ली, वहां बारिश का आंकड़ा सबसे कम है। यहां औसत से 22% कम बरसात हुई है।

वहीं, मप्र में मानसून की एंट्री के 25 दिन पूरे हो गए। 350 मिमी (14 इंच) पानी बरसा है, जो 300.7 औसत से 17% ज्यादा है। मानसून सबसे अधिक राजस्थान, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा जैसे उत्तर और उत्तरी पश्चिमी राज्यों पर मेहरबान रहा है। यहां औसत से 43% अधिक बारिश हुई।हिमाचल में अब तक औसत से 88% और उत्तराखंड में 26% अधिक बरसात हो चुकी है। दिलचस्प यह है कि इन दोनों राज्यों से दोगुनी बारिश राजस्थान में हुई। यहां औसत से 102% ज्यादा पानी बरस चुका है।

अगले 3 दिन मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट है। कई हिस्सों में बाढ़ आ सकती है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में भी अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 21 से 23 जुलाई के बीच बारिश का दौर कुछ धीमा पड़ सकता है।

एसबीआई की रिसर्च रिपोर्ट इकोरैप के अनुसार, बिपरजॉय और मानसूनी बाढ़ की वजह से देश को 10,000-15,000 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।देश में बाढ़-बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं में 300 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।12 राज्यों के 21 जिलों में 60% तक बारिश की कमी है। बिहार के 29, यूपी के 25, महाराष्ट्र के 18, कर्नाटक के 17 जिलों में सामान्य से कम बारिश।

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, गोवा, केरल, आंध्रप्रदेश, ओडिशा।इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, पांडुचेरी में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बुधवार सुबह 9 बजे तक का यमुना का वाटर लेवल 205.60 मीटर पर था। जबकि डेंजर मार्क 205.33 है।
असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 8 पहुंच गई। अभी भी 1 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड’ अलर्ट और ठाणे, मुंबई और रत्नागिरी के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

रायगढ़ जिला कलेक्टर योगेश म्हासे ने भारी बारिश को देखते हुए बुधवार को जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है।गुजरात के राजकोट में जिले में भारी बारिश के बाद कई वाहन डूबते नजर आए। धोराजी में मंगलवार को 300 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

भोपाल की लाइफ लाइन बड़ा तालाब के कैचमेंट एरिया में तेज बारिश हो रही है। कोलांस नदी में भी पानी बढ़ा है।
बुधवार को आधे प्रदेश में तेज बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश होने से भोपाल के बड़ा तालाब में पानी बढ़ रहा है। अभी इसका वाटर लेवल 1661.45 फीट तक है, जो बुधवार को और भी बढ़ सकता है। आगर-मालवा में अति भारी बारिश हो सकती है। 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिरने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *