देहरादून। उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तेज धूप खिलने से दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बरकरार है।लगातार तीसरे दिन प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया। चारधाम, हेमकुंड साहिब, औली सहित कई प्रमुख चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों बुधवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। जिससे दोपहर में गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि, शाम को धूप ढलने के बाद हवा चलने से ठंडक लौट आई। रात को भी पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई।उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में जहां हिमपात से ठंड बढ़ गई है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता प्रभावित हो रही है। इससे सुबह के समय यातायात पर भी असर पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी राज्य के अधिकांश जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर व देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों के मैदानी क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। वहीं, राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी आशंका जताई गई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

