पहाड़ों की रानी पहाड़ी लोक संस्कृति से गुलजार

मसूरी: मसूरी में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और पहाड़ी लोकजीवन की पहचान इगास (बूढ़ी दिवाली) का पर्व मसूरी में हर्षाेल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कुलड़ी स्थित सिल्वरटन पार्किंग में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें देर रात तक स्थानीय लोग थिरकते दिखाई दिए.

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं से जुड़ाव का परिचय दिया.कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निर्मला जोषी और राज्य मंत्री ज्योती कोटिया ने भैलो जलाकर किया गया. चीड़ की लकड़ियों से बनी मशालों की रोशनी और ढोल-दमाऊ की गूंज ने पूरे वातावरण को पहाड़ी संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया. स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया.

कार्यक्रम में इगास की पारंपरिक छटा देखने को मिली और लोगों ने उत्साह के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं.इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि इगास केवल दीपावली के बाद मनाया जाने वाला एक लोकपर्व नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और पूर्वजों से मिली परंपराओं का प्रतीक है. आधुनिकता के इस दौर में अपनी लोक संस्कृति और रीति-रिवाजों को जीवित रखना बेहद जरूरी है.

ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही उत्तराखंड की परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं. उन्होंने कहा कि मसूरी एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी होने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और पर्यटकों को भी पहाड़ की परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों को करीब से जानने का अवसर मिलता है.

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन वितरित किए गए. इसके बाद आतिशबाजी के बीच लोगों ने एक-दूसरे को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं. आयोजन ने जहां पहाड़ी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की, वहीं सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश भी दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *