तेल अवीव: होर्मज स्ट्रेट पर बढ़ते तनाव के बीच इजरायली सेना ईरान के साथ फिर से लड़ाई शुरू होने को लेकर अलर्ट मोड पर है। इजरायली अधिकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिल रहे बदलते संकेतों पर नजर रख रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप कभी जल्द समझौते की बात करते हैं तो कभी चेतावनी देते हैं कि अमेरिका ईरान पर फिर से बमबारी शुरू कर सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद किए जाने के बाद ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान को ब्लैकमेल करने की इजाजत नहीं देंगे।
इजरायली अधिकारियों का कहना है कि यह अभी साफ नहीं है कि हालात किस दिशा में जाएंगे। एक अधिकारी ने कहा, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला किस ओर जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रंप जहां किसी समझौते पर जाने को उत्सुक दिखते हैं, वहीं ईरान अपना कड़ा रुख बनाए हुए है।
यह अपडेट ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता जारी रखे हुए है। हालांकि, किसी बड़ी सफलता की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन एक पाकिस्तानी अधिकारी ने सऊदी मीडिया को बताया है कि ईरान ने संवर्धित यूरेनियम पाकिस्तान को ट्रांसफर करने का प्रस्ताव रखा है। अगर किसी समझौते के हिस्से के रूप में इसकी पुष्टि हो जाती है, तो यह कदम काफी महत्वपूर्ण हो सकता है।
इस बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया है। IRGC ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य तब तक बंद रहेगा जब तक अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकाबंदी हटा नहीं लेता। इसने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे फारस की खाड़ी या ओमान सागर में अपने लंगर से आगे न बढ़ें। इस बीच ईरान ने होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे व्यापारिक जहाजों पर गोलीबारी की है। इजरायली अधिकारी इस कदम को नए सिरे से संघर्ष को बढ़ाने की संभावना वाला मान रहे हैं।
इजरायल में सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि तनाव से निपटने की तैयारी पूरी है। इजरायली वायु सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है और टारगेट की सूची तैयार कर ली गई है। अधिकारियों के मुताबिक, होम फ्रंड कमांड की गाइडलाइन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रविवार को पूरे देश में स्कूल फिर से पूरी तरह खुलने वाले हैं। हालांकि, मेमोरियल डे और स्वतंत्रता दिवस से पहले स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।
वहीं, लेबनान को लेकर भी इजरायल में चिंता बनी हुई है। खासतौर पर ट्रंप के यह कहने के बाद कि इजरायल को लेबनान में हमले नहीं करने चाहिए। हालांकि, एक अमेरिकी अधिकारी ने बाद में स्पष्ट किया है कि लेबनान के साथ युद्धविराम इजरायल को आने वाले खतरों के खिलाफ आत्मरक्षा में कार्रवाई की अनुमति देता है।

