देहरादून: उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने का अंदेशा जताया गया है. वहीं तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है. वहीं बारिश होने से तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. झोंकेदार हवाएं लोगों की परेशानियां बढ़ा सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद में कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ हो सकती है. वहीं 3600 मीटर व उससे अधिक ऊं चाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है. जबकि राज्य के शेष जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश गरज के साथ होने का पूर्वानुमान जताया गया है. उत्तराखंड के मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.राज्य के सभी पर्वतीय जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं (30- 40 किमी) प्रतिघंटा चलने की संभावना है. जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
. कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने हल्की वर्षा की संभावना है. अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 31°C व 18°C के लगभग रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटों के दौरान, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है. पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से रहने का अंदेशा जताया गया है. उत्तराखंड में आगामी 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5ᵒC की वृद्धि होने की संभावना है.
बताते चलें कि प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. ओलावृष्टि ने कई हिस्सों में किसानों की कमर तोड़ दी है. ओलावृष्टि से फलदार पौधों का काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों को आर्थिकी का नुकसान पहुंचा. ओलावृष्टि से बागवानी फसलों को भारी नुकसान हुआ है. जिसके बाद किसान प्रशासन से क्षति का आकलन कर मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

